गर्मी में मंत्री ने पंखे में रात गुजारकर लोगों को दिया पर्यावरण सुरक्षा का संदेश

Jun 02 2025

ग्वालियर। अपनी शैली को लेकर चर्चाओं में रहने वाले ऊर्जा मंत्री प्रद्यु्न सिंह तोमर ने उपनगर ग्वालियर में कांच मिल स्थित अपने घर के सामने स्थित पार्क में साधारण से टेंट में लगे पंखे के बीच रात गुजारी। तोमर ने एसी के अंधाधुंध उपयोग से पर्यावरण को हो रहे नुकसान को लेकर लोगों में इसके प्रति जागरुकता का संदेश देने के लिए यह कदम उठाया है। यहां पंखे में रात गुजारने के बाद तोमर सुबह भिण्ड के लिए रवाना हो गए, भिण्ड से वे भोपाल जाएंगे। वे भोपाल में भी अपने बंगले के सामने पार्क में पंखे में रात गुजारेंगे।
तोमर ने एसी के अत्यधिक उपयोग से बड़े पैमाने पर हो रहे कार्बन उत्सर्जन से पर्यावरण को पहुंच रहे नुकसान के प्रति शहरवासियों को जागृत करने के उद्देश्य से एक माह तक एसी में न सोने का फैसला किया है। उन्होंने शहरवासियों को वाहनों से फैलने वाले प्रदूषण के प्रति सजग करने के लिये स्वयं एक माह तक ई-स्कूटी से चलने का फैसला भी लिया है। साथ ही शहरवासियों से अपील की है कि वे इस पुनीत पहल में शामिल होकर अपने शहर को प्रदूषण मुक्त व साफ-सुथरा बनाने के लिये आगे आएं।
ऊर्जा मंत्री द्वारा शहर को स्वच्छ, प्रदूषण मुक्त एवं हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से की गई इस पहल में सहभागी बनने के लिए क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि व शहरवासी उत्साह के साथ आगे आए हैं। जून माह की पहली रात ऊर्जा मंत्री जब टेंट में पंखे के बीच रात गुजारने पहुंचे तो बड़ी संख्या में नागरिक वहां जमा हो गए और उन्हें भरोसा दिलाया कि इस पुनीत पहल में हम सब पूरा सहयोग करेंगे।