कॉम्बिंग गश्त में 284 वारंटी पकड़े, 371 पुराने बदमाशों से पूछा घर का खर्च कैसे चला रहे हो

Jun 02 2025

ग्वालियर। गत रात पुलिस ने शहर और देहात में एक साथ कॉम्बिंग गश्त चलाते हुए आठ घंटे के भीतर 284 बदमाशों को पकड़ा है। इनमें 196 के खिलाफ स्थायी वारंट और 88 के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी थे। इन बदमाशों को पकडऩे के लिए पुलिस कई दिनों से प्रयासरत थी, लेकिन वे लगातार चकमा दे रहे थे। आखिरकार रातभर चली इस सघन कार्रवाई में उन्हें पकडक़र हवालात पहुंचा दिया गया। सोमवार को सभी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमें 371 निगरानी बदमाशों के घर भी पहुंचीं। इनमें 190 गुंडे और 181 पुराने हिस्ट्रीशीटर शामिल थे। पुलिस अफसरों ने उनसे सीधे पूछा अब किस काम में लगे हो? घर का खर्च कैसे चला रहे हो? किसी आपराधिक गतिविधि में तो शामिल नहीं हो?
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने रात में सरप्राइज चेकिंग पॉइंट लगाए। स्टेशन बजरिया, बस स्टैंड, मॉल एरिया जैसे स्थानों पर आवारागर्दी करते आधा दर्जन युवकों को भी हिरासत में लिया गया। थाने ले जाकर उनके परिजन को बुलाया गया और चेतावनी दी गई कि दोबारा ऐसी हरकत मिली तो सख्त कार्रवाई होगी। इसके अलावा पुलिस ने अलग-अलग दबिश में 6 शराब तस्करों और 6 सटोरियों को भी पकड़ा है। इन सभी के खिलाफ अलग-अलग थानों में प्रकरण दर्ज किया गया है।
इस बारे में एसएसपी धर्मवीर सिंह का कहना है कि सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि सूचीबद्ध बदमाशों को हर हाल में पकडक़र कार्रवाई की जाए। हर सप्ताह या 15 दिन में ऐसी गश्त की जाएगी, जिससे अपराध पर सख्त लगाम लगे।