जीवन वास्तव में उतना जटिल नहीं है, जितना हम इसे बनाते हैं:अनुसूइया दीदी

Jun 01 2025

ग्वालियर। अपने आप पर ध्यान दो, क्योंकि जीवन वास्तव में उतना जटिल नहीं है, जितना हम इसे बना देते हैं। हम अक्सर शिकायत करते हैं समय नहीं है, संसाधन नहीं हैं, कोई मदद नहीं कर रहा, लोग हमारा साथ नहीं दे रहे। लेकिन सच यह है कि हर व्यक्ति को अपने जीवन की नाव खुद ही चलानी पड़ती है। यह विचार दिल्ली से आई राजयोगिनी बीके अनुसूइया दीदी ने ग्वालियर मालनपुर स्थित केंद्र प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्व विद्यालय के युवा प्रभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय डिवाइन यूथ फोरम के दूसरे दिन के सत्र को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किए। 
अनुसूइया दीदी ने कहा कि अगर हम इंतजार करते रहेंगे कि कोई आए और हमारे जीवन की दिशा तय कर दे, तो यकीन मानिए, हम उम्रभर किनारे पर ही खड़े रहेंगे, उस यात्रा पर कभी निकल ही नहीं पाएंगे जिसे जीवन कहते हैं। वर्णिका बहन ने कहा कि जिंदगी बहुत आसान है, क्योंकि यह हमें हर दिन एक नया अवसर देती है। बेहतर बनने का और खुद को सीखने साबित करने का। ज्योति बहन ने कहा कि हमें तीन बातों को त्यागना है ईर्ष्या, घृणा और क्रोध। तीन बातों को अपनाना है स्वीकारता, सुनना और आंतरिक सुंदरता। 
इस अवसर पर रेखा बहन, ज्योति बहन, सुनीता बहन, जानकी बहन, नीलम बहन, मीरा, सपना, खुशबू, अर्चना, बीके प्रहलाद भाई सहित अन्य लोग उपस्थित थे।