एसी से घर में लगी आग, परिवार बाल-बाल बचा

May 31 2025

ग्वालियर। घास मंडी स्थित काली माता मंदिर के पास गत रात एक मकान में हरि सिंह कुशवाह का परिवार खाना खाकर सो रहा था। तभी घर में रात करीब 1:30 बजे एयर कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते धुआं आग में बदल गया। हरि सिंह ने तुरंत अपने परिवार को घर से बाहर निकाला। उन्होंने बिजली विभाग को सूचना देकर क्षेत्र की लाइट बंद करवाई और फायर ब्रिगेड को बुलाया।
फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही आग ने विकराल रूप ले लिया। घर का सारा सामान, दो मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा जलकर राख हो गए। फायर ब्रिगेड की चार गाडिय़ों ने 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने पीडि़त परिवार से मुलाकात की और एसडीएम को नियमानुसार आर्थिक मदद करने के निर्देश दिए। आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी।