राहुल गांधी की सभा व यात्राओं को लेकर बैठक आयोजित

May 30 2025

ग्वालियर। आगामी दिनों में मध्यप्रदेश के जबलपुर, विदिशा तथा भोपाल में होने वाली राहुल गांधी की सभा व यात्राओं को लेकर जिला कांग्रेस की समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभा व यात्राओं को सफल बनाने के लिए ज्यादा से ज्यादा कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। समन्वय समिति की बैठक के दौरान कांग्रेसियों द्वारा राजनीतिक गोटी भी खेल दी गई और लाइट न होने पर हाथ से पंखा करते हुए एक वीडियो वायरल कर दिया। 
समन्वय समिति की बैठक में तय किया गया कि जबलपुर में कल शनिवार को होने वाली राहुल गांधी की सभा में ज्यादा से ज्यादा कांग्रेसी शामिल होंगे। यह निर्णय होने के बाद कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता अपने-अपने नेताओं के साथ जबलपुर के लिए रवानगी ले रहे हैं। कुछ नेता अपने समर्थकों के साथ निजी वाहनों से रवाना हो गए हैं तो कुछ नेता ट्रेन से वहां पहुंचेंगे।
भाजपा ऑपरेशन सिंदूर को अपने पाले में लाने के लिए तमाम जतन कर रही है। भाजपा के इन प्रयासों की काट के लिए कांग्रेस द्वारा जय हिंद यात्रा शुरु की गई है। समन्वय समिति की बैठक में जब यात्रा को लेकर चर्चा प्रारंभ हुई तो सभी ने एक सुर में कहा कि जहां भी यात्रा होगी उसे सफल बनाने के लिए जी-जान लगा देंगे। इसके बाद इस बात पर भी विचार किया गया कि जिले में जय हिंद यात्रा निकाली जाए तो उसमें सीनियर लीडरशिप जरूर हों, जिससे यात्रा पूरी तरह से सफल रहे।बैठक में शहर अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा, ग्रामीण अध्यक्ष प्रभुदयाल जौहरे, विधायक साहब सिंह गुर्जर कांग्रेस नेता बालेन्दु शुक्ला, दशरथ सिंह गुर्जर, महाराज सिंह पटेल, सुरेन्द्र सिंह यादव, सुनील शर्मा, हरेन्द्र गर्जर मीनू परिहार, ब्लॉक अध्यक्ष मुनेन्द्र सिंह भदौरिया, देवेन्द्र सिंह चौहान, रविन्द्र चौहान सहित अन्य उपस्थित थे।