पत्थर से कुचलकर युवक की हत्या, नहीं हुई शिनाख्त

May 30 2025

ग्वालियर। शुक्रवार सुबह कंपू क्षेत्र स्थित निजी पैथोलॉजी के बाहर एक युवक का शव पड़ा मिला है। पुलिस को जैसे ही इसकी सूचना मिली तो पुलिस अधिकारी और कंपू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब शव को देखा तो चादर में लिपटा हुआ युवक खून से सना हुआ था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि युवक की पत्थरों कुचलकर हत्या कर दी गई है। मृतक कौन है, यहां कैसे आया और कहां रहता है, यह पता लगाने के साथ ही हत्या के कारण पता करने में जुट गई है।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर जांच की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। कंपू थाना पुलिस आसपास के इलाके में मृतक की पहचान के प्रयास कर रही है।
कंपू स्थित पैथोलॉजी के बाहर फुटपाथ पर चादर से लिपटा हुआ युवक का शव पड़ा हुआ था, मॉर्निंग वॉक को जाने वाले राहगीरों ने जब यहां खून से सना चादर देखा तो उन्होंने इसकी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब चादर हटाया तो अंदर एक 45 से 46 वर्ष के युवक का पत्थर से कुचला हुआ शव था। मृतक के बारे में पुलिस को अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है। लेकिन प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नजर आ रहा था कि उसकी हत्या किसी ने दर्दनाक तरीके से की गई है। उसके शरीर पर चाकू से वार भी किए गए हैं, यही कारण था कि घटना स्थल पर काफी खून फैला हुआ था, खून के कारण ही लोगों का ध्यान उस पर गया था। हालांकि फोरेंसिक टीम जांच कर रही है।
कंपू थाना प्रभारी एमएम मालवीय को सबसे पहले इस घटना की सूचना मिली थी। उन्होंने अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद सीएसपी रोबिन जैन मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत होने पर तत्काल फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। मृतक की उम्र 45 से 50 के बीच में होगी। पुलिस को आशंका है कि युवक फुटपाथ पर सोता था, उसी समय उसकी हत्या की गई है। पुलिस को पास में ही खून से सना हुआ घटना में प्रयुक्त पत्थर भी मिला है। मृतक के शरीर पर चाकू जैसे धारदार हथियार से भी घाव मिले हैं। ऐसी आशंका है कि यह हत्या तडक़े तीन बजे के करीब की गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना तक पहुंचने के लिए आसपास के कुछ सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो कुछ दूरी पर एक कैमरे की फुटेज टेज में एक युवक घबराया हुआ भागता नजर आ रहा है। पुलिस को अभी पैथोलॉजी के कैमरे को भी खंगालना है इसके बाद ही कुछ पता चल सकता है।
इस बारे में सीएसपी रॉबिन जैन का कहना है कि कंपू में एक युवक का शव मिला है। चेहरा पत्थर से कुचला है और पास ही पत्थर भी खून से सना मिला है। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। मामले की जांच की जा रही है।