एकाग्रता से किया गया भजन सार्थक: संत ढोली बुआ महाराज

May 30 2025

ग्वालियर। सनातन धर्म मंदिर में राजयोगी संत ढोली बुआ महाराज के सारगर्भित प्रवचनो की तीन दिवसीय प्रवचन श्रृंखला प्रारम्भ हुई। अध्यक्ष विजय गोयल एवं प्रधानमंत्री रमेश चंद्र गोयल लल्ला ने बताया कि राजयोगी संत ढोली बुआ महाराज ने प्रवचन से पूर्व भगवान चक्रधर के दर्शन एवं पूजन किया। इा अवसर पर सनातन धर्म मंदिर के  विजय गोयल, रमेश चंद्र गोयल लल्ला, रविन्द्र चौबे एवं सभी पदाधिकारियों ने ढोली बुआ महाराज का माल्यार्पण कर स्वागत अभिनंदन किया।
संत ढोली बुआ महाराज ने कहा एकाग्रता से किया गया भजन ही वास्तविक भजन है। प्राय: हम भजन करने बैठते हैं माला तो हाथ में  होती है पर मन तो न जाने कहां कहां सांसारिक कार्य व्यवहार में घूमता रहता है, ये भजन नहीं है। भजन कीर्तन में बैठकर हम भगवान पर एहसान नहीं कर रहे हैं। जिस प्रकार पानी पानी कहने से प्यास नहीं बुझती ठीक उसी प्रकार  मन को संसार में लगाकर केवल राम राम कहने से मन को शांति नहीं मिलती। यदि मन की शांति प्राप्त करना चाहते हो तो एकाग्र चित्त से मन को संसार एवं विषयों से हटाकर भगवान के श्री चरणों का ध्यान करते हुए भजन किया जाए, तब निश्चित ही मन को अपार शांति प्राप्त होती है एवं हृदय में भक्ति का प्रादुर्भाव होता है।
पीआरओ राजेश गर्ग ने बताया प्रवचन नित्य सायंकाल 7 बजे से 9 बजे तक चक्रधर सभागार में होंगे। कथा के उपरांत आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया। मंदिर समिति ने सभी भक्त श्रद्धालुओं से आग्रह है कि वे समय पर उपस्थित हो कर अमूल्य सत्संग का लाभ प्राप्त करें।
इस अवसर पर विजय गोयल, रमेश चंद्र गोयल लल्ला, राकेश बंसल, हरिशंकर सिंघल, प्रदीप सिंघल, राजेश बंसल, रविन्द्र चौबे, नरेन्द्र मंगल, मोहनलाल अग्रवाल, संदीप वैश्य, नारायण बृजवासी, मनोज सांघी, नरेंद्र सिंघल, शैलेन्द्र बंसल, राजेश गर्ग आदि श्रद्धालु उपस्थित थे।