संस्कृति को विकृत होने से बचाने लोग आपत्ति दर्ज कराएं: गोखले

May 29 2025

ग्वालियर। कोरोनाकाल के बाद देश में हास्य विधा के नाम पर डिजिटल माध्यमों से तेजी से अश्लीलता परोसी जा रही है। जिसका समाज पर दुष्प्रभाव पड़ रहा है। समाज को इस विकृति से बचाने के लिए संस्कार भारती जनजागरण अभियान चलाएगी। साथ ही केंद्र सरकार से इस पर अंकुश लगाने की पुरजोर मांग की जाएगी। यह बात संस्कार भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री अभिजीत गोखले ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही। 
ग्वालियर प्रवास पर आए श्री गोखले ने कहा कि वर्तमान परिप्रेक्ष्य में स्टैंड अप कॉमेडी हास्य परंपरा की आधुनिक अभिव्यक्ति का नया रूप लेकर उभरी है। डिजिटल माध्यमों पर प्रसारित हास्य आधारित कंटेंट युवाओं को तेजी से आकर्षित कर रहा है, लेकिन इसकी विषय वस्तु और प्रस्तुति स्तरहीन है। पैसा कमाने और प्रसिद्धि की होड़ में शॉर्टकट अपनाकर इंटरनेट के माध्यम से वेब सीरिज के जरिए अशोभनीय भाषा के साथ अश्लीलता परोसी जा रही है। जिससे हमारी संस्कृति को नष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है। श्री गोखले ने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि इस मामले को लेकर अभिभावक भी जागरूक नहीं हैं। उन्हें सेंसरशिप नियमों की जानकारी नहीं है। अगर वह सचेत होकर अश्लील दृश्यों और संवाद पर आपत्ति दर्ज कराने लगें तो निश्चित रूप से इस पर रोक लग सकेगी। उन्होंने कहा कि संस्कार भारती हास्य विधा से जुड़े कलाकारों, रचनाकारों और दर्शकों से संवाद कर संस्कृति के अवमूल्यन को रोकने का प्रयास करेगी। साथ ही सरकार से सेंसरशिप नियम का कड़ाई से पालन करने का आग्रह करेगी। 
इस अवसर पर संस्कार भारती की अनीता करकरे, प्रदीप दीक्षित, सुनील पावगी, शेखर दीक्षित, चंद्रप्रताप सिंह सिकरवार आदि उपस्थित रहे।