रेलवे ओवर ब्रिज पर ऑटो ड्राइवर ने दो पहियों पर चलाया ऑटो, वीडियो वायरल

May 29 2025

ग्वालियर। एक ऑटो ड्राइवर का स्टंट करते हुए वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में ड्राइवर अपनी मस्ती में ऑटो को दो पहियों पर चलाते हुए नजर आ रहा है। यह स्टंट न केवल उसकी बल्कि पुल पर चल रहे अन्य वाहन चालकों की जान के लिए भी खतरा बना हुआ था।
ऑटो में पीछे बैठा एक युवक आधा बाहर निकलकर चिल्लाता हुआ दिखाई दे रहा है। इस खतरनाक करतब का वीडियो एक अन्य ऑटो में बैठे युवकों ने शूट किया। वीडियो गुरुवार को सामने आया है, जबकि यह घटना गत दोपहर की बताई जा रही है।
घटना ग्वालियर के झांसी रोड थाना क्षेत्र के हरीशंकरपुरम कॉलोनी के पास बने नवनिर्मित नीडम आरओबी ब्रिज की है। ऑटो क्रमांक एमपी07 जेडयू 5035 का ड्राइवर ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए ऑटो को दो पहियों पर चलाकर स्टंट कर रहा था। खास बात यह है कि जब यह स्टंट हो रहा था, उसी समय ब्रिज पर अन्य वाहन जैसे कार, ट्रैक्टर-ट्रॉली और दोपहिया वाहन भी गुजर रहे थे। अगर ऑटो थोड़ा भी अनबैलेंस होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने ऑटो ड्राइवर के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। झांसी रोड थाना प्रभारी अवधेश कुशवाहा ने बताया कि जल्द ही ड्राइवर को पकड़ लिया जाएगा।