घर के बाहर टहल रही महिला से पैदल आए बदमाश ने सोने की चेन लूट ली,आरोपी पकड़ा

May 25 2025

ग्वालियर। झांसी रोड में प्रभा होटल के सामने टहल रही एक महिला से पैदल आए बदमाश ने सोने की चेन लूट ली। महिला जब तक कुछ समझ पाती बदमाश हरिशंकरपुरम की गलियों में कहीं गायब हो गया। घटना गत रात 10 बजे माधव नगर गेट के पास की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने आसपास पूछताछ की तो पता लगा कि लुटेरे जैसा हुलिया का युवक माधव नगर गेट के पास एक पानी की टिक्की की दुकान के पास काफी देर से बैठा था। जिस पर पूछताछ कर पुलिस को संदेही की पहचान मिली और पुलिस ने उसके ठिकाने से उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर लूटी गई सोने की चैन बरामद हो गई है। फिलहाल पुलिस लुटेरे से पूछताछ कर शहर की अन्य वारदातों को संबंध में पूछताछ कर रही है।
झांसी रोड थाना स्थित माधव नगर गेट के पास रहने वाली राजकुमारी जैन गृहिणी हैं। गत रात को खाना खाने के बाद राजकुमारी घर के पास ही टहल रही थी। अभी टहलते हुए वह होटल प्रभा के सामने पहुंची ही थी कि तभी पीछे से पैदल-पैदल आया एक लडक़ा झपट्टा मारकर राजकुमारी के गले से सोने की चेन खींच ले गया। घटना के बाद महिला ने शोर मचाया तो आसपास के लोग एकत्रित हुए, लेकिन तब तक झपट्टा मार हरिशंकरपुरम की तरफ गलियों से भाग निकला।
घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राजकुमारी जैन से पूछताछ करने के बाद बदमाश की तलाश शुरू कर दी। लुटेरा अकेला था और पैदल आया था यह पता चलते ही पुलिस को समझ आ गया कि यह कोई स्थानीय बदमाश या स्मैकची हो सकती है। 
जिस पर पुलिस ने पड़ताल की तो पता लगा कि वारदात से पहले स्मैकची जयकांत वर्मा (वंशकार) पुत्र जीवन प्रसाद को उसी इलाके में देखा गया था। पुलिस ने छानबीन की तो पता लगा कि वह अपने ठिकाने पर है। जिस पर एक घंटे के अंदर दबिश देकर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। जब तलाशी ली तो उसके पास से लूटी गई सोने की चेन बरामद कर ली है।
आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस थाना लाई तो राजकुमारी जैन ने आरोपी को एक बार में पहचान लिया। फरियादी ने बताया कि यह बदमाश उसकी चेन लूटकर ले गया था। उसके पास से मिली सोने की टूटी चेन को भी फरियादी ने पहचान कर अपनी बताई है। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो उसने वारदात कुबूल कर ली है।
ऐसा पता लगा था कि आरोपी कुछ देर से घटना स्थल के पास ही एक पानी की टिक्की की दुकान पर बैठा था। जब महिला टहलने निकली तो उसने उसके गले में चेन देख ली थी। वह लगातार उसकी रैकी कर रहा था। जैसे ही वह थोड़े अंधेरे इलाके की तरफ गई तो वह पीछे गया और झपट्टा मारकर चेन खींच ले गया।