मल्टी में लगी आग, पुलिस की तत्परता से बचा बड़ा हादसा

May 23 2025

ग्वालियर। इंदरगंज थाना क्षेत्र के शिंदे की छावनी छप्पर वाला पर टाटा मोटर्स के शो रूम के पास बने गोपालविला काम्प्लेक्स में बीती देर शाम भीषण आग लग गई। गनीमत ये रही समय रहते इंदरगंज पुलिस की पैट्रोलिंग टीम ने जब इस मल्टी में आग को देखा तो उन्होंने तत्काल फायर ब्रिगेड को फोन किया। लेकिन जब तक फायर ब्रिगेड शहर की ध्वस्त ट्रैफिक व्यवस्था को पार करके आती तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी।
स्थानीय गोपालविला काम्प्लेक्स वाले दहशत में आकर जान बचाने भागे और संतोषजनक रहा कि सभी की जान काम्प्लेक्स के दूसरे हिस्से से बाहर निकल कर बच गई लेकिन इस आग ने तमाम सवाल फिर खड़े कर दिये।
जिस गोपालविला काम्प्लेक्स में आग लगी थी वहां आग बुझाने का कोई संयंत्र मौजूद नहीं था। दूसरी बात काम्प्लेक्स को लगभग पूरी तरह से विभिन्न ऑफिस संचालित करने वाले खरीद चुके हैं। जिनके ऑफिस शाम सात बजे बंद हो जाते हैं और इन ऑफिसों में तमाम एसी लगे हैं। काम्प्लेक्स में पार्किंग भी नहीं हैं। जो तलघर बने हैं उनका इस्तेमाल पार्किंग करने के लिये नहीं हो रहा है। 
काम्प्लेक्स की देखरेख वाली समिति को तमाम बार कहने के वावजूद इसे बंद रखा जाता है। यहां रहने वाले कई परिवार अपने फ्लैट बेचकर जा चुके हैं। काम्प्लेक्स का बाहरी हिस्सा पूरी तरह शाम ढलते ही शराब पीने वालों की भीड़ से गुलजार हो जाता है, पुलिस आती भी है तो कार्रवाई नहीं होने से यह सिलसिला बदस्तूर जारी है।
सवाल खड़ी करती आग की घटनाएं
शहर में होने वाले अग्निकाण्डों में जहां कई परिवारों ने अपनों को खोया है। इसके अलावा खासगी बाजार में मल्टी में आग लगने की घटना हो या अन्य कोई घटना, हर बार मल्टियों में आग लगने के बाद यह सामने आता है कि मल्टी में फायर सिस्टम नहीं था। नगर निगम हर घटना के बाद कुछ लोगों को नोटिस दे देता है फिर अगली घटना का इंतजार किया जाता है। 
गत दिवस गोपालविला काम्प्लेक्स में आग लगी उसमें गनीमत यह रही कि पुलिस ने इसे देख लिया और समय रहते लोगों को सचेत कर दिया जिससे यहां रहने वालों की जान बच गई। 
इस मामले में इंदरगंज पुलिस प्रशासन का सराहनीय योगदान था सूचना मिलते ही सीएसपी इंदरगंज रोबिन जैन, इंदरगंज थाना प्रभारी दीप्ति तोमर और कोतवाली थाना प्रभारी मोहिनी वर्मा तत्काल मौके पर भारी पुलिसबल के साथ मौजूद रहे और फौरन उचित कार्रवाई की जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।