शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आईं दो महिलाएं,एक की मौत, दूसरी का पैर कटा

May 23 2025

ग्वालियर। डबरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर शुक्रवार सुबह शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में दो महिलाएं आ गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी का पैर कट गया। घायल महिला को जीआरपी पुलिस ने तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक मृतका सावित्री बाई निवासी गुप्ता पुरा और घायल भूरी बाई निवासी शक्ति पुरा दोनों महिलाएं प्लेटफॉर्म-2 पर बाथरूम करने लगीं। इसी दौरान तेज रफ्तार शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आने से सावित्री बाई की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि हादसे में भूरी बाई का पैर कट गया। दोनों रिश्ते में समधन हैं। वे दो दिन पहले मुरैना गई थीं, जहां पर भूरी बाई का बेटा रहता है। शुक्रवार सुबह पैसेंजर ट्रेन से डबरा लौटीं थी।
इस बारे में जीआरपी चौकी प्रभारी साहब सिंह गुर्जर का कहना है कि दो महिलाएं ट्रैक पर हादसे का शिकार हुई है। जिसमें एक की मौत हुई है, दूसरी गंभीर घायल है। मामले में मर्ग कायम किया गया है।