पति ने पत्नी और साले को गोली मारी, साले की मौत

May 23 2025

ग्वालियर। भितरवार में एक शख्स ने अपनी पत्नी और साले को गोली मार दी। साले की मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी की हालत गंभीर है। घटना ग्राम सहारन में गत देर रात करीब 11 बजे की है। दलजीत कुछ दिनों से पति से विवाद के कारण अपने मायके भितरवार में रह रही थी। 
वह भाई ओंकार के साथ ससुराल गई थी। यहां पति विक्रमजीत उर्फ विक्की संधू से दलजीत का विवाद होने लगा। इसी दौरान विक्की ने ओंकार पर फायर कर दिया, दलजीत बचाने आई तो गोली उसके चेहरे को छूते हुए ओंकार के सीने में लगी। ओंकार को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाया गया। घायल बहन को ग्वालियर रेफर कर दिया है। वहीं पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
विवाद के दौरान आरोपी की मां और दादा-दादी मौके पर थे। आरोपी विक्रमजीत किसान परिवार से ताल्लुक रखता है और शराब पीने का आदी है। पिता की पहले ही मौत हो चुकी है।
सूचना मिलते ही एसडीओपी जितेंद्र नगाइच और थाना प्रभारी हितेंद्र सिंह राठौड़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक आरोपी घर पर ताला लगाकर फरार हो चुका था।
दलजीत के पिता मंजीत सिंह ने बताया कि बेटी ने 4 साल पहले विक्रमजीत उर्फ विक्की संधू से लव मैरिज की थी। दोनों की कोई संतान नहीं है। विवाद होने पर बेटी मायके में ही रह रही थी। बेटा ओंकार उसे छोडऩे ससुराल गया था। यहां दामाद से विवाद हो गया और उसने बेटे की हत्या कर दी। बेटी ने रोका तो उसे भी गोली मार दी। बेटी वहीं खून से लथपथ तड़पती रही।
भितरवार एसडीओपी जितेंद्र नगाइच का कहना है कि ग्राम सहारन में विवाद के चलते पति ने पत्नी और साले को गोली मारी थी। फायरिंग में युवक की मौत हो गई है। महिला गंभीर रूप से घायल है, जिसका ग्वालियर में इलाज किया जा रहा है। मामला दर्ज किया गया है। पुलिस विवाद का कारण और गोली चलाने में इस्तेमाल हथियार की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि गोली लाइसेंसी बंदूक से मारी गई या अवैध हथियार से।