अंबेडकर मूर्ति को लेकर भीम आर्मी का प्रदर्शन, एसडीएम को ज्ञापन दिया

May 22 2025

ग्वालियर। हाईकोर्ट में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। भीम आर्मी ने मूर्ति को लेकर गुरूवार को बड़े आंदोलन का ऐलान किया था। ऐसे में भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील बिसारिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में मूर्ति समर्थक फूलबाग पर एकत्रित हुए। वहीं प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट रही।
बता दें कि ग्वालियर हाई कोर्ट में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। 19 मई को जबलपुर में चीफ जस्टिस के साथ दोनों पक्षों की बैठक हुई थी, जिसमें मूर्ति स्थापित करने का निर्णय फिलहाल टाल दिया गया, लेकिन मूर्ति लगाने के समर्थक अब आंदोलन की राह पर उतर आए हैं। भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील बिसारिया ने चेतावनी दी है कि जो लोग मूर्ति नहीं लगने देंगे उन्हें ईंट का जबाब पत्थर से दिया जाएगा।
भीम आर्मी सहित अन्य संगठनों का ऐलान था कि वह फूलबाग मानस भवन से सभा को संबोधित करने के बाद कलेक्ट्रेट की ओर कूच करेंगे। जहां ज्ञापन सौंपना तय किया गया था। ऐसे में सुरक्षा के लिहाज से फूलबाग से हाइकोर्ट, कलेक्ट्रेट तक भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया था। फिर प्रशासन ने मार्च को आगे न बढऩे देने के चलते भीम आर्मी सहित अन्य संगठनों ने सभा स्थल पर ही ज्ञापन दे दिया।