अज्ञात वाहन की टक्कर से अज्ञात युवक की मौत

May 20 2025

ग्वालियर। तेज रफ्तार आ रहे वाहन चालक ने लापरवाही से अपना वाहन चलाते हुए एक युवक को टक्कर मार दी। हादसा इंदरगंज थाना क्षेत्र के शिन्दे की छावनी का है। टक्कर इतनी तेज थी कि आरोपी वाहन युवक को कुचलकर निकल गया। जिससे उसका चेहरा क्षत विक्षत हो गया।
घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो पता चला कि युवक की मौत हो चुकी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक का शव पीएम हाउस पहुंचा कर मृतक की पहचान व आरोपी वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। 
इंदरगंज थाना पुलिस ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक युवक शिन्दे की छावनी पुरानी पुलिस चौकी के पास घायल हालत में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो पता चला कि युवक की मौत हो चुकी है। पुलिस ने मृतक की शिनाख्ती के प्रयास किए, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। ना ही पता चल सका कि उसे किस वाहन ने टक्कर मारी थी। मृतक की उम्र करीब बीस साल के करीब हो सकती है।
जिस स्थान पर मृतक का शव पड़ा हुआ था, वह डिवाइडर के पास था, जिससे पुलिस का मानना है कि संभवत: युवक डिवाइडर क्रॉस कर रहा होगा और उसी बीच दूसरी तरफ से आए वाहन की टक्कर लगी और उसके सिर से पहिया निकलने से उसकी मौत हो गई।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
मृतक की शिनाख्ती के लिए पुलिस अब आस-पास के इलाके में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है, जिससे मृतक व आरोपी वाहन की पहचान हो सके।
थाना प्रभारी इंदरगंज दीप्ति तोमर का कहना है कि अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हुई है। मृतक की शिनाख्ती के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही आरोपी वाहन का पता लगाया जा रहा है।