छुट्टियों में सीख, मस्ती और कला का संगम बना समर कैंप

May 19 2025

ग्वालियर। शासकीय केन्द्रीय पुस्तकालय में चल रहे समर कैंप में 15वें दिवस बच्चें डांस और पेटिंग की रंग-बिरंगी दुनिया से रूबरू हुए, जिसमें 56 बच्चो ने भाग लिया।
सोमवार को समर कैंप की शुरूआत नृत्य सत्र से हुई। जहाँ श्रीमती अनीता ओडिय़ा ने बच्चों को बॉलीवुड, हिप-हॉप और फोक डांस के बेसिक स्टेप्स सिखाए, छोटे-छोटे बच्चों ने संगीत की धुन पर थिरकते हुए सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया, बच्चों ने ताल, लय और शरीर की मुद्राओं का समन्वय भी सिखा, बच्चों ने नाचे रे मोरा और बम बम भोले जैसे गीतों पर उत्साहपूर्वक नृत्य किया, प्रशिक्षक ने उन्हे मंच पर प्रस्तुति देने का आत्मविश्वास भी दिलाया, समूहों में डांस करने से बच्चों में टीम वर्क की भावना भी विकसित हुई।
डांस के बाद रंगों की दुनिया में बच्चों ने प्रवेश किया, पेंटिंग सत्र में बच्चों को सबसे पहले रंगो की पहचान और उनका प्रयोग सिखाया गया, फिर उन्हे स्वतंत्र रूप से अपनी कल्पना से कोई भी चित्र बनाने को कहा गया।
कुछ बच्चों ने प्रकृति के सुंदर दृश्य बनाए, कुछ ने अपने परिवार को रंगो में उकेरा, तो कुछ ने अपने पसंदीदा कार्टून पात्रों को जीवंत कर दिया। प्रशिक्षक श्रीमती दीपा सोनी ने उन्हे ब्रश की पकड़, रंगों का संयोजन, और रेखाओं की सफाई सिखाई, बच्चों ने जल रंग, क्रेयॉन्स स्केच पेन और रंगीन पेंसिलों का प्रयोग करते हुए, अपनी कल्पना को कागज पर उतारा।
इस सत्र का उद्देश्य न केवल कला कौशल सिखाना था. बल्कि बच्चों की कल्पनाशक्ति, एकाग्रता और आत्म-अभिव्यक्ति को बढ़ावा देना भी था।
  इस अवसर पर विवेक कुमार सोनी पुस्तकालय प्रबंधक ने बताया कि हमारा उद्देश्य बच्चों को शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि कला, रचनात्मकता और आत्मविश्वास भी सिखाना है, शासकीय केन्द्रीय पुस्तकालय में चल रहे समर कैंप इसी दिशा में एक छोटा लेकिन महत्वपूर्ण प्रयास हैं।
कार्यक्रम में राकेश कुमार शर्मा, शिवम शर्मा, लक्ष्मी यादव, आकाश पाल, अनिल प्रताप सिंह, कमल चामडिय़ा सहित विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएँ, शिक्षकगण, और अभिभावक उपस्थित थे।