मयूर मार्केट में बेकरी-कैफेटेरिया में लगी आग, 3 घंटे में दमकल ने पाया आग पर काबू

May 19 2025

ग्वालियर। थाटीपुर स्थित मयूर मार्केट में एक बेकरी-कम-कैफेटेरिया में गत देर रात आग लग गई। स्थानीय लोगों ने रात 1 बजे पुलिस और दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां मौके पर रवाना हुईं और करीब तीन घन्टे में तीन दमकल गाडिय़ों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया।
सुबह 4 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। यह घटना मयूर मार्केट स्थित गुप्ता डेयरी के पास की है। आग से आसपास की दुकानों को भी नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है, लेकिन दमकल कर्मियों के अनुसार यह शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी हो सकती है।
निगम उपायुक्त और दमकल दस्ते के नोडल ऑफिसर सत्यपाल सिंह चौहान ने बताया कि गत रात 1 बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि थाटीपुर में एक कैफेटेरिया और बेकरी में आग लग गई है। सूचना मिलते ही सबसे पहले मुरार से एक दमकल वाहन भेजा गया। इसके बाद दीनदयाल नगर, महाराज बाड़ा और मुख्यालय से भी एक-एक दमकल वाहन भेजे गए।
मुरार से पहुंची दमकल आग बुझाने का काम शुरू कर चुकी थी, तब तक अन्य तीन गाडिय़ां भी मौके पर पहुंच गईं। उस समय आग की लपटें तेजी से उठ रही थीं। दमकल दस्ते ने तीनों गाडिय़ों से आग बुझाने का प्रयास किया और आखिरकार आग पर काबू पा लिया गया।
यह इमारत अशोक जैन की बताई जा रही है। इसमें अमित माहौर का कैफेटेरिया और माधव की बेकरी संचालित हो रही थी। दोनों दुकानों में रखा सारा फर्नीचर और सामान आग में जलकर खाक हो गया।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के रहवासी घबरा गए। इसी कारण कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए थे। जब आग पर काबू पाया गया, तब जाकर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
उपायुक्त सत्यपाल चौहान ने बताया कि सूचना मिलते ही मुरार क्षेत्र की दमकल को तुरंत मौके पर भेजा गया। जब तक अन्य गाडिय़ां पहुंचीं, मुरार की दमकल ने आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए थे, जिससे आग ज्यादा फैल नहीं पाई।