महिला सूबेदार से भिड़े बाइक सवार, बाद में युवक ने माफी मांगी

May 19 2025

ग्वालियर। महाराज बाड़े पर ट्रैफिक चेकिंग के दौरान एक हाइवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। रॉन्ग साइड में बाइक चला रहे दो युवकों को महिला ट्रैफिक सूबेदार वंदना रावत ने रोका तो युवक भडक़ गए। उन्होंने खुद को सीआरआई का स्पेशल ऑफिसर बताते हुए महिला अफसर को धमकाया और कहा सुबह तक हाईकोर्ट का ऑर्डर लाकर तुम्हें हटवा दूंगा। युवक सडक़ पर बैठ गए और हंगामा करने लगे। वहां मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। घटना का 35 सेकेंड का वीडियो वायरल होते ही पुलिस अधिकारियों तक पहुंच गया। 
महिला ट्रैफिक अफसर वंदना रावत महाराज बाड़े पर चेकिंग कर रही थीं। तभी एक बाइक पर सवार दो युवक रॉन्ग साइड से आते दिखे। जब उन्हें रोका गया तो दोनों बहस करने लगे। एक युवक ने खुद को अधिकारी बताते हुए धमकाना शुरू कर दिया।
महिला अफसर ने हंगामे के बावजूद नियमों का पालन करते हुए युवक का 500 का चालान काटा। चालान कटते ही युवक सडक़ पर बैठ गया और चौराहा जाम करने की कोशिश की। हंगामे के बाद युवक ने अपनी गलती मानते हुए माफी मांग ली। 
इस पर एएसपी निरंजन शर्मा का कहना है कि युवक ने महिला पुलिस अफसर से बदसलूकी की और खुद को अफसर बताया। महिला सूबेदार ने बहादुरी से काम लेते हुए चालान किया। अब वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अगर किसी ने फर्जी अधिकारी बनकर धमकाया है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।