पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त में 246 वारंटी पकड़े, 346 पुराने बदमाशों को चेक किया

May 18 2025

ग्वालियर। लगातार बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए एक बार फिर पुलिस एक्शन मोड़ में आ गई है। गत देर रात पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त की है। पूरे जिले में एक साथ निकले पुलिस अफसरों व जवानों ने 246 स्थायी व गिरफ्तारी वारंटी बदमाशों पकड़े हैं। यह कई दिनों से पुलिस को चकमा दे रहे थे।
इसके साथ ही 346 निगरानी बदमाश जो काफी समय से अपराध की दुनिया से दूर हैं पर पुलिस की निगरानी में हैं के घर पहुंचकर पूछताछ की है। पुलिस अफसरों ने पूछा है कि किसी अपराध में शामिल तो नहीं हो। यदि नहीं हो तो अब क्या कर रहे हो और घर का खर्च कैसे चल रहा है। रात में पुलिस ने गश्त के साथ सरप्राइज चेकिंग पॉइंट भी लगाए। मतलब ऐसी जगह पुलिस दिखाई दी जहां आमतौर पर चेकिंग नहीं होती है। ग्वालियर पुलिस लगातार कॉम्बिंग गश्त कर बदमाशों और वारदातों पर अंकुश लगाने की कोशिश करती है। 
एसएसपी धर्मवीर सिंह के अनुसार जिले की सीमा में अपराध और अपराधी के लिए कोई जगह नहीं है। आम लोग अमन चैन से रह सकें इसलिए समय-समय पर पुलिस कॉम्बिंग गश्त कर असामाजिक तत्वों की धरपकड़ करती है। गत देर रात भी कॉम्बिंग गश्त की गई है।
पुलिस द्वारा चलाए गए कॉम्बिंग अभियान के तहत जो बदमाश घर के आरामदायक बिस्तर से थाने की हवालात पहुंचे, उनकी आंखों से नींद उड़ गई और पूरी रात बैठे-बैठे कटी। थाने की हवालात में उनकी नींद हवा हो गई थी। कॉम्बिंग गश्त में पुलिस ने 246 उन बदमाशों को पकड़ा है, जिनके खिलाफ स्थायी व गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे। पुलिस ने इन बदमाशों को पकडक़र हवालात पहुंचा दिया है और रविवार को इन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।
रात को आवारागर्दी करने वाले पहुंचाए हवालात
पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त के दौरान देर रात शहर के स्टेशन बजरिया, बस स्टैंड, मॉल एरिया जैसे इलाकों में सडक़ों पर आवारागर्दी करने वाले सात युवकों को पकड़ा है और उन्हें थाने पहुंचा दिया। इसके बाद उनके परिजन को बुलाकर उनकी निगरानी में सौंपा है। साथ ही चेतावनी दी है कि आगे आवारागर्दी करते मिले तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही पांच शराब तस्कर, एक सटोरिया को पुलिस ने पकड़ा है।
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने कहा कि शहरवासी अमन और चैन से रहें इसके लिए पुलिस लगातार बदमाशों के खिलाफ अभियान चलाएगी। एक भी बदमाश को बख्शा नहीं जाएगा। हर सप्ताह या 15 दिन में एक बार कॉम्बिंग गश्त की जा रही है। एसएसपी सिंह ने सभी टीमों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जो बदमाश सूचीबद्ध हैं, वह हर हाल में ही हवालात पहुंचने चाहिए। बदमाशों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई करें, जिससे आम लोग सुरक्षित रह सकें।