जेयू में भीषण गर्मी के बीच शुरू हुईं बीएड-एमएड परीक्षाएं, कुलपति ने करा निरीक्षण

May 17 2025

ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में बीएड, एमएड और एसओएस की परीक्षाएं शुरू हुईं। परीक्षाओं के लिए बनाए गए एग्जाम सेंटरों का औचक निरीक्षण कुलपति डॉ. राजकुमार आचार्य ने किया। बता दें कि परीक्षा का समय सुबह 9 से 12 बजे तक निर्धारित था। इस दौरान बाहर का तापमान लगभग 45 डिग्री सेल्सियस था। भीषण गर्मी के बीच परीक्षार्थी परीक्षा देते समय पसीने से तरबतर नजर आए।
कुलपति डॉ. राजकुमार आचार्य ने बीएड, एमएड और एसओएस की परीक्षाओं में केंद्रों से जुड़ी व्यवस्थाओं के साथ-साथ नकल-रोधी व्यवस्था का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वे विश्वविद्यालय की फार्मेसी अध्ययनशाला और विधि अध्ययनशाला परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। इस अवसर पर कुलपति ने परीक्षा प्रभारी से चर्चा कर परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने परीक्षा केंद्रों में नकल न हो, इसके लिए की गई तैयारियों को भी परखा।
वहीं जीवाजी विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी विमलेंद्र सिंह राठौड़ का कहना है कि कुलगुरु राजकुमार आचार्य ने सभी परीक्षा केंद्राध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि सख्ती के साथ नकल रोकी जाए। इसके साथ ही जो उडऩ दस्ते हैं। वह भी प्रभावी कार्रवाई करे।