एजीसीए फिडे रेटेड टूर्नामेंट का समापन

May 16 2025

ग्वालियर। ऑल ग्वालियर चेस एसोसिएशन (एजीसीए) द्वारा आयोजित प्रथम अंतरराष्ट्रीय फिडे रेटेड क्लासिकल शतरंज टूर्नामेंट का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित एक निजी स्कूल में हुआ। टूर्नामेंट में देश-विदेश के विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभावान खिलाडिय़ों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने  कहा कि यह आयोजन न केवल शहर के खेल क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम साबित हुआ। खेलों को अपनाकर हम न केवल अपने शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि जीवन जीने की सही कला भी सीखते हैं। 
शतरंज मानसिक दृढ़ता और अनुशासन सिखाती है: आशीष
कार्यक्रम में आशीष उषा अग्रवाल ने कहा कि शतरंज टूर्नामेंट केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि ग्वालियर के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय है। शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि जीवन की कला है, जो युवाओं को मानसिक दृढ़ता और अनुशासन सिखाता है। जीत अनुभव की सीढिय़ों से होकर गुजरती है और हार को सीख का अवसर मानने वाला ही सच्चा विजेता होता है। 
उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल शतरंज प्रेमियों के लिए एक मंच प्रदान करेगा, बल्कि ग्वालियर को अंतरराष्ट्रीय शतरंज मानचित्र पर स्थापित करने में भी मदद करेगा। उन्होंने कहा कि मैं युवा खिलाडिय़ों से कहना चाहता हूं कि जिन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर टूर्नामेंट में अमिट छाप छोड़ी है और विजेता बने है, वे आगे भी एक लक्ष्य निर्धारित कर अच्छा प्रदर्शन करें। उन्होंने कहा कि मैं उन खिलाडिय़ों से भी कहना चाहूंगा जो इस बार विजेता नहीं बन पाए वो निराश न हों, क्योंकि हार एक अंत नहीं, बल्कि सीखने और आगे बढऩे का अवसर है। हर अनुभव, हर मुकाबला आपको मजबूत, संतुलित और अधिक आत्मविश्वासी बनाता है।
इस अवसर पर एजीसीए की अध्यक्ष डा. गरिमा गर्ग, देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर, भारत वर्मा, ओंमवीर सिंह, जोसफ बक्सला, शकुंतला सिंह परिहार, रुचि मित्तल, मनीष मित्तल, प्रदीप शर्मा एवं अनिल गर्ग उपस्थित रहे।