घर में वास्तुदोष दूर कर देती है महादेव की पिंडी: कौशिक महाराज

May 15 2025

ग्वालियर। घर में वास्तुदोष से परेशान होकर हम कई तरह के उपाय करते हैं, लेकिन यदि अपने पूजा घर में महादेव की पिंडी स्थापित कर लें, तो वास्तुदोष समाप्त हो जाता है, इसलिए एक भी घर ऐसा न हो, जिसमें भगवान शिव की पिंडी न हो। यह विचार गौतीर्थ तुलसी तपोवन गौशाला श्रीधाम वृंदवान के कौशिक महाराज ने फूलबाग शिवलोक धाम में आयोजित हो रही शिवपुराण कथा के प्रथम दिवस गुरूवार को व्यक्त किए। कथा के शुभारंभ पर महापौर शोभा सिकरवार एवं विधायक सतीश सिकरवार ने व्यासपीठ का पूजन किया। 
कौशिक महाराज ने कहा कि शिवमहापुराण की कथा कल्पवृक्ष की तरह है, जिस तरह कल्पवृक्ष की छांव में बैठने से समस्त मनोकामनाएं पूरी हो जाती हैं, ठीक उसी तरह शिवमहापुराण की कथा श्रवण करने से सब कुछ प्राप्त हो जाता है। इससे सुनने मात्र से भगवान ह्रदय में उतर जाते हैं और संपूर्ण अपराध नष्ट हो जाते हैं, लेकिन कथा सुनने को उन्हीं को मिलती है जिन पर भगवान की विशेष कृपा होती है। जिन पर भगवान की कृपा नहीं होती, उन्हें भगवान की भक्ति प्राप्त नहीं हो सकती है। उन्होंने कहा कि यदि समय न हो तब भी भगवान की कथा के लिए समय निकालना चाहिए, क्योंकि यह अपराधों को जला देती है। बिना सत्संग के विवेक नहीं आता है। परमात्मा की कथा के बिना व्यक्ति का कल्यण नहीं होता है। और कामी क्रोधी भी पापमुक्त हो जाते हैं। पिंडी पर चढ़ाया एक बूंद जल भी देता है फल उन्होंने भगवान शिव पर जल चढ़ाने की महिमा का बखान करते हुए कहा कि भगवान शिव की पिंडी पर गलती से भी यदि एक बूंद जल गिर जाए,तो भी उसका अनंत फल प्राप्त होता है और स्वत: ही जीवन में चमत्कार होने लगते हैं। भगवान शिव को जल चढ़ाने से घर में व्याप्त सभी प्रकार के क्लेश दूर हो जाते हैं। शिव की आराधना करने से मनुष्य को सद्गति प्राप्त होती है। शिव का चिंतन करने वाले कभी दुख के भागीदार नहीं हो सकते हैं। मृत्यु उपरांत शिवकृपा से ही मुक्ति मिलती है,इसलिए मौत से पहले जीवन को सुंदर बना लें। 
इस मौके पर कथा परीक्षत नरेंद्र शर्मा, मनीष शर्मा, उमेश उप्पल, राम पांडे, रामबाबू अग्रवाल, दिनेश पाराशर प्रमुख रूप से मौजूद रहे।