महापौर ने लोकमंत्रणा में समस्याएं सुनकर अधिकारियों को कार्यवाही के दिए निर्देश

May 15 2025

ग्वालियर। महापौर लोकमंत्रणा के दौरान आने वाले हितग्राहियों की समस्याओं का शत प्रतिशत निराकरण हो इसके लिए संबंधित अधिकारी त्वरित कार्यवाही करें। उक्ताशय के निर्देश महापौर डॉ. शोभा सिकरवार ने महापौर लोकमंत्रणा में संबंधित अधिकारियों को दिए। 
महापौर लोकमंत्रणा में वार्ड 29 महलगांव सोनी हलवाई की गली हनुमान मंदिर के पास निवासी कल्लू बरार ने बताया कि चंद्रभान माहौर ने सार्वजनिक गली पर अवैध निर्माण कर अतिक्रमण कर लिया है, जिस पर सुनवाई करते हुए महापौर डॉ. सिकरवार ने संबंधित भवन अधिकारी को स्थल निरीक्षण कर उचित कार्यवाही के निर्देश दिए। इसके साथ ही वार्ड 27 अकबगंज घासमंडी मुरार निवासी अमृतलाल झा ने आवेदन देते हुए बताया कि मेरे मकान के रास्ते को बंद करवाकर निर्माण कार्य कर लिया है। जिस कारण प्रार्थी को निकलने में बडी परेशानी हो रही है। जिस पर सुनवाई करते हुए महापौर डॉ. सिकरवार ने संबंधित क्षेत्राधिकारी को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया। 
 इसके साथ ही वार्ड 19 कुंज विहार कॉलोनी फेस-2, निवासी हीरा सिंह भदौरिया ने खराब टूटी सडक को बनवाये जाने एवं चौकी सीवर को ठीक कराये जाने के संबंध में अपना आवेदन महापौर को दिया। जिस पर सुनवाई करते हुए महापौर डॉ. सिकरवार ने संबंधित उपायुक्त पीएचई को स्थल निरीक्षण कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अनेक समस्याओं के आवेदन महापौर डॉ. सिकरवार को दिए। जिस पर सुनवाई करते हुए महापौर ने समस्याओं के तत्काल निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। 
लोकमंत्रणा में मेयर इन काउंसिल की सदस्य अवधेश कौरव, नाथूराम ठेकेदार, शकील मंसूरी, श्रीमती प्रेमलता धर्मेन्द्र जैन, श्रीमती गायत्री मंडेलिया, विधायक प्रतिनिधि जंडेल यादव, अपर आयुक्त अनिल दुबे सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।