बिना परमिट व फिटनेस के संचालित आधा दर्जन वाहन जब्त, जुर्माना वसूला

May 14 2025

ग्वालियर। राजस्व, यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा बगैर परमिट व बिना फिटनेश के संचालित यात्री वाहनों व स्कूल वाहनों की सघन जांच कर कार्रवाई की गई। कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर शहर में तीन चेकिंग पॉइंट गोले का मंदिर चौराहा, विक्की फैक्ट्री तिराहा और उटीला रोड़ पर संयुक्त दलों द्वारा वाहनों की जांच की गई।
जांच के दौरान ओव्हर लोडिंग पाए जाने पर 6 वाहनों पर चालानी कार्रवाई कर साढ़े दस हजार रुपए का अर्थदण्ड वसूला गया। साथ ही फिटनेस सर्टीफिकेट व परमिट न पाये जाने पर आधा दर्जन वाहन जब्त किए गए। जब्त वाहनों में वाहन क्रमांक एमपी 07 एफ 7767, एमपी 07 एफ 1203, एमपी 07 पी 4138, एमपी 07 पी 5038, यूपी 75 एम 1439 एवं एमपी 07 पी 0700 शामिल हैं। जब्त वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के लिए गई टीम में आरटीओ विक्रमजीत कंग, यातायात उप अधीक्षक अन्नोटिया व तहसीलदार कुलदीप दुबे, नायब तहसीलदार संजय अगरैया, हरनाम सिंह व प्रदीप मेहकाली सम्मिलित रहे। कलेक्टर चौहान ने अगामी दिवसों में भी इसी प्रकार की सघन जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।