शिवमहापुराण कथा के लिए कलश यात्रा 14 मई को

May 13 2025

ग्वालियर। विश्व जागरण मानव सेवा संघ चेरिटेबल ट्रस्ट शाखा ग्वालियर द्वारा 14 से 23 मई तक शिवमहापुराण कथा आयोजित होगी। शिवमहापुराण कथा पूज्य कौशिक महाराज श्रीधाम वृंदावन के श्री मुख से होगी। कथा शिवलोक धाम फूलबाग मैदान पर अपरान्ह 3 बजे से सायं 7 बजे तक होगी। इससे पहले आज बुधवार 14 मई को शाम 4 बजे से सनातन धर्म मंदिर अचलेश्वर मार्ग से गाजे बाजे बैंड बाजों के साथ कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसमें लगभग 5100 महिलाएं सिर पर कलश धारण कर चलेंगी। कलश यात्रा में शिवमहापुराण कथा वाचक कौशिक महाराज रथ पर सवार रहेंगे। कलश यात्रा सनातन धर्म मंदिर से शुरू होकर इंदरगंज चैराहा, जयेन्द्र गंज, नदी गेट, गुरूद्वारा, डीडी माल होते हुये कथा स्थल फूलबाग मैदान पर पहुंचेगी। उल्लेखनीय है कि यह कथा एक लाख गौवंश के आश्रय के लिए कौशिक महाराज द्वारा की जा रही है।
उक्त जानकारी मंगलवार को कार्यक्रम संयोजक एवं विधायक ग्वालियर पूर्व डॉ. सतीश सिंह सिकरवार एवं गौतीर्थ तुलसी तपोवन गौशाला वृंदावन से आए विश्व जागरण मानव सेवा संघ चैरिटेबल ट्रस्ट के सचिव पंडित रामदेव शास्त्री ने पत्रकारों को दी।
विधायक डॉ. सिकरवार ने बताया कि इस कथा का उद्देश्य वर्तमान समय में मानव भौतिक रूप, रोजगार की समस्या एवं दैहिक बीमारियों से ग्रसित है। भगवान भोलेनाथ की कथा न केवल भौतिक बाधाओं का निवारण करती है तथा वह मोक्ष दायिनी भी है। सर्वे भवन्तु सुखिन: की भावना से गालव ऋषि की तपोभूमि पर गौवंश के संरक्षण 1 लाख गौ माता की सेवा का संकल्प धारण कर अन्न का त्याग करने वाले पुराण मनीषी कौशिक महाराज शिव महापुराण कथा का श्रवण करायेंगे तथा आशुतोष भगवान भोलेनाथ की भक्ति से अधम से अधम मनुष्य का किस प्रकार कल्याण होता है, यह भी बतायेंगे। 
वाहन पार्किंग की नि:शुल्क व्यवस्था की गई है। बैठक व्यवस्था हेतु आमंत्रित अतिथि कक्ष, पत्रकार बंधु कक्ष, संत समाज की व्यवस्था के साथ-साथ महिलाओं एवं पुरुषों की बैठक व्यवस्था अलग-अलग की जा रही है तथा समस्त व्यवस्था हेतु समितियों का गठन किया गया है।
पत्रकार वार्ता में उमेश उप्पल, राम पाण्डेय, रामबाबू अग्रवाल, एमआईसी सदस्य अवधेश कौरव, महेन्द्र शुक्ला एवं आदित्य शर्मा आदि मौजूद थे।