शिवमहापुराण कथा के लिए भूमिपूजन आज, कलश यात्रा 14 को

May 11 2025

ग्वालियर। गौतीर्थ तुलसी तपोवन गौशाला के सहायतार्थ फूलबाग मैदान ग्वालियर में 14 मई से 22 मई तक पुराण मनीषी कौशिक महाराज के पावन सानिध्य में शिवमहापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा अपरान्ह 3 बजे से सायं 7 बजे तक प्रतिदिन होगी। कथा स्थल पर तैयारियां जोरों पर चल रहीं हैं और रविवार को विधायक डॉ. सतीश सिकरवार व आयोजन समिति ने कथा स्थल का निरीक्षण किया।
शिवमहापुराण कथा कार्यक्रम के संयोजक एवं विधायक डॉ. सतीश सिकरवार ने बताया कि भूमिपूजन कार्यक्रम आज 12 मई को सायं 5 बजे फूलबाग मैदान पर गंगादास की बड़ी शाला के महंत रामसेवक दास महाराज, गौशाला स्वामी ऋषभ देवानंद महाराज एवं रानीघाटी गौशाला के महंत प्रेमानंद महाराज के आतिथ्य में होगा। पं. गिर्राज गुरू द्वारा भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न कराया जाएगा। 
भव्य कलश यात्रा निकलेगी
14 मई को अपरान्ह 4 बजे से सनातन धर्म मंदिर अचलेश्वर मार्ग से कथा स्थल फूलबाग मैदान तक भव्य कलश यात्रा निकलेगी। कलश यात्रा में सभी महिलाएं पीले वस्त्र पहनकर आंएगी। गाजे-बाजे-बैण्ड बाजों व आतिशबाजी के साथ निकलने वाली कलश यात्रा में शिवमहापुराण कथा वाचक कौशिक महाराज रथ पर सवार रहेंगे। जगह-जगह भव्य कलश यात्रा का पुष्पवर्षा कर आमजनों द्वारा स्वागत किया जाएगा। कलश यात्रा सनातन धर्म मंदिर से शुरू होकर इंदरगंज चौराहा, जयेन्द्रगंज, नदी गेट, गुरूद्वारा, डी.डी. मॉल होते हुये कथा स्थल फूलबाग मैदान पर पहुंचेगी। कथा स्थल पर तैयारियां जोर-शोर से चल रहीं है। यह कथा एक लाख गौवंश के आश्रय के लिए की जा रही है।
भूमिपूजन में महापौर डॉ. श्रीमती शोभा सिकरवार, उमेश उप्पल, रामबाबू अग्रवाल, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता राम पाण्डे, पं. रामदेव शर्मा, अवधेश कौरव, विनोद जैन, देवेन्द्र चौहान, महादेव अपोरिया, अनूप शिवहरे, श्रीमती सीमा समाधिया, वीणा भारद्वाज मौजूद रहेंगे।