खुशियों की उड़ान-3 समर कैंप का शुभारंभ

May 08 2025

ग्वालियर। गर्मियों की छुट्टियों का इंतजार कर रहे बच्चों के लिए गुरुवार का दिन खास बन गया, जब शोभा शिक्षा एवं समाज कल्याण पर्यावरण समिति द्वारा जीवाजी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित खुशियों की उड़ान-3 समर कैंप का शुभारंभ हुआ। समर कैंप के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि डीआईजी अमित सांघी उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता चेंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल ने की।
समर कैंप 1 जून तक प्रतिदिन प्रात: 6 बजे से 11 बजे तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 4 से 16 वर्ष तक की आयु वर्ग के बच्चों को विभिन्न रचनात्मक एवं शारीरिक गतिविधियों के माध्यम से आनंद, सीख और आत्मविश्वास से भरपूर अनुभव प्रदान किया जा रहा है। कैंप में बच्चों के लिए डांस, आर्ट एंड क्राफ्ट, योग, संगीत, टीम बिल्डिंग गेम्स, स्केटिंग, निशानेबाजी जैसी विविध गतिविधियों का समावेश किया गया है। इन गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों में न केवल मनोरंजन प्रदान करना है, बल्कि उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से भी सशक्त बनाना है।
मुख्य अतिथि अमित सांघी ने बच्चों से संवाद करते हुए फिटनेस के महत्व पर प्रकाश डाला और उन्हें सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा, इस तरह के कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं और उनकी प्रतिभा को निखारने का मंच प्रदान करते हैं।
समिति की अध्यक्ष डॉ. पूजा सिंह ने बताया कि हमारा उद्देश्य बच्चों को एक ऐसा सुरक्षित, प्रेरणादायक और आनंददायक माहौल प्रदान करना है, जहाँ वे पढ़ाई के तनाव से दूर रहकर अपनी रचनात्मकता और कौशल को विकसित कर सकें।