मॉक ड्रिल:अमोनिया गैस से भरा टेंकर स्कूल बस से टकराया,40 मिनट में सामान्य किए हालात,घायलों का इलाज शुरू

May 07 2025

ग्वालियर। बिरला नगर आरओबी के पास स्थित आईटीआई कॉलेज के बाहर अमोनिया गैस से भरा टैंकर स्कूल बस से टकराया और गैस का रिसाव शुरू हो गया। सेना, बीएसएफ, पुलिस, होमगार्ड और स्वास्थ्य विभाग के दल ने तत्परता से गैस का रिसाव रोका और घायलों का इलाज शुरू किया। इसमें बमुश्किल 40 मिनट लगे। ये मॉक ड्रिल का हिस्सा था। बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों को मॉक ड्रिल करने के निर्देश दिए हैं।
ग्वालियर में रसायनिक-औद्योगिक दुर्घटना और सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल की गई। जिसमें अमोनिया गैस से भरे टैंकर के स्कूल बस से टकराते ही सेना, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम बचाव कार्य में जुट गई। तुरंत ग्रीन कॉरीडोर बनाया गया। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, होमगार्ड, प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 40 मिनट के ऑपरेशन में क्षेत्र को अमोनिया गैस से मुक्त कराया है और बच्चों को अस्पताल पहुंचाया। जहां स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इलाज शुरू किया।
मॉकड्रिल के माध्यम से प्रशासन ने आपात स्थिति के लिए अपनी तैयारी की आजमाइश की। इसमें यह भी देखा गया कि ऐसी घटना होती है तो उसके लिए हम कितने तैयार हैं। ऐसे हादसे में बच्चों को कैसे सुरक्षित निकाला जाए। 
एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव ने मॉकड्रिल के बारे में बताया कि केमिकल इमरजेंसी का मॉकड्रिल किया है। ऐसी इमरजेंसी को डील करने के लिए हमें मल्टी डिपार्टमेंट क्वाडिनेशन की जरूरत पड़ती है। पूरी प्रक्रिया में प्रशासनिक मशीनरी ने पार्टिशिपेट किया है।
एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, होमगार्ड, प्रशासन, पुलिस, हेल्थ सर्विसेज की टीमें हैं। 40 मिनट के ऑपरेशन में क्षेत्र को अमोनिया गैस से मुक्त कराया है, बल्कि बच्चों को अस्पताल पहुंचाया है। ऐसी मॉकड्रिल न सिर्फ प्रशासनिक दक्षता को मजबूत करती है, बल्कि अंतर डिपार्टमेंट क्वाडिनेशन को मजबूत करती है। आम नागरिकों को अवेयर करती है कि इस परिस्थिति में क्या करना है।