कॉलोनी में दस दिन से नहीं पहुंच रहे कचरा उठाने वाले वाहन:मधु शर्मा

May 06 2025

ग्वालियर। वार्ड 18 स्थित दीनदयाल नगर के कई सेक्टरों में 11 दिन से कचड़ा इकठा हो रहा है। दस दिन से गाड़ी नहीं आ रही, इससे पहले भी 8 दिन बाद नगर निगम कमिश्नर को फोन लगाया तब कचड़ा गाड़ी आई। स्थानीय लोगों ने कई बार नगर निगम अधिकारी,कर्मचारियों को फोन लगाए लेकिन यहां के जिमेदारों को जनता की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं।  
गर्मियों के मौसम में रिहायशी क्षेत्र में कचड़ा होने के कारण बीमारियां फैल रहीं हैं। कोई भी अधिकारी कर्मचारी अपना कार्य नहीं करना चाहता। हर कोई अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहा है जिसके कारण आमजन में भारी आक्रोश व्याप्त है।
एक ओर हम ग्वालियर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित कर रहे है वहीं दूसरी ओर पॉश कालोनियों का हाल गांव से बदतर है। या ऐसी ही स्मार्ट सिटी होती है। नगर निगम प्रशासन द्वारा स्वच्छता को लेकर बातें तो बड़ी-बड़ी की जा रहीं हैं पर जमीनी तौर पर कार्य न होने के कारण आम कालोनियां तो दूर पॉश कालोनियों का हाल भी बेहाल है। जगह-जगह लगे कचरे के ढेर जहां विभिन्न संक्रामक बीमारियों को न्यौता दे रहे हैं वहीं यहां से निकलने वाले लोगों को भी बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 
स्वच्छता के नाम पर सरकार के मंत्री और जनप्रतिनिधियों द्वारा केवल फोटो सेशन के लिए हाथों में झाडू उठाई जाती है। जमीनी तौर पर हकीकत जानने के लिए न तो विधायक और मंत्रियों को फुर्सत है और न ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को ऐसे में शहर की सफाई व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है। 
इस पर समाजसेवी एवं पर्यावरण प्रेमी मधु शर्मा ने नगर निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया है कि बारिश से पूर्व रोड और सीवर,नालियों आदि की सफाई का कार्य पूर्ण करा लिया जाए नहीं तो बारिश के समय हालात और भी बदतर हो जाएंगे।