विकसित भारत का रास्ता किसान के खेत से निकलता है:उप राष्ट्रपति धनखड़

May 05 2025

ग्वालियर। ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों के परस्पर संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि विकसित भारत का रास्ता किसान के खेत से निकलता है। इसलिए कृषि के क्षेत्र में काम कर रहीं संस्थाओं और कृषि विद्यार्थियों की जिम्मेदारी है कि वे किसानों के जीवन में बदलाव व खुशहाली लाने में अपना योगदान दें। प्रयास ऐसे हों कि किसान केवल फसल उत्पादक बनकर ही न रहें, अपितु वे एग्री-प्रीनियर (कृषि उद्यमी) बनें। उन्होंने कृषि विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे तकनीक व अनुसंधान का इस्तेमाल कर कृषि क्षेत्र में बदलाव के प्रबंधक बनें। संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि भारतीय संस्कृति किसानों के कल्याण का संदेश देती है। 
जलवायु परिवर्तन को देखकर छात्र करें शोध: राज्यपाल पटेल
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि मानव सभ्यता के उद्भव और विकास में कृषि की भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलती जलवायु को ध्यान में रखकर नई तकनीकों के द्वारा खाद्य सुरक्षा को मजबूत करना होगा। राज्यपाल ने सामूहिक रूप से कृषि क्षेत्र में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का आह्वान किया।
देश में कृषि के क्षेत्र में क्रांतिकारी काम हो रहे हैं: सिंधिया
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में कृषि के क्षेत्र में क्रांतिकारी काम हो रहे हैं। इसी तरह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा मध्यप्रदेश में सिंचाई सुविधाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। कैन बेतवा एवं काली सिंध-पार्वती व चंबल नदी जोड़ों परियोजना इसी का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि देश अमृतकाल से शताब्दी काल की ओर अग्रसर है। इस दिशा में सरकार निरंतर काम कर रही है।
कृषि-पशुपालन से बदलेगी प्रदेश की अर्थव्यवस्था: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है किप्रदेश की अर्थव्यवस्था को बढ़ाने के लिए कृषि और पशुपालन आवश्यक है। इस दिशा में सरकार काम कर रही है। 2 वर्ष पूर्व प्रदेश का कृषि क्षेत्र 45 लाख हेक्टेयर था, जो अब 55 लाख हो गया है। सरकार का लक्ष्य इसे एक करोड़ हेक्टेयर करना है। कृषि के लिए सिंचाई का महत्वपूर्ण योगदान है। इसलिए सरकार नदियों से सिंचाई का कार्य में काम कर रही है।
कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, उप राष्ट्रपति की धर्मपत्नी डॉ. सुदेश धनखड़ व विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो. अरविंद कुमार शुक्ला मंचासीन थे। इस अवसर पर जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट उपस्थित थे।