संगीत विश्वविद्यालय का छठवां दीक्षांत समारोह 4 को

May 02 2025

ग्वालियर। राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय का छठवां दीक्षांत समारोह 4 मई को सुबह 11 बजे से आयोजित होगा। इस बार का समारोह राजामाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार में संपन्न होगा। प्रदेश के राज्यपाल और विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मंगुभाई पटेल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। समारोह में स्वर्ण पदक, उपाधियों का वितरण भी किया जाएगा। 
दीक्षांत समारोह  में 2020-21, 2021-22, 2022-23, 2023-24, चार वर्षों के स्वर्ण पदक और उपाधियां प्रदान की जाएंगी। समारोह में कुल 122 स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे साथ ही अलग-अलग संकायों की कुल 33 शोध उपाधियां भी समारोह में प्रदान की जाएंगी। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय की स्मारिका का विमोचन भी मंच से किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम से पहले और अंत में शोभायात्रा निकाली जाएगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विख्यात कबीर लोक भजन गायक पद्मश्री कालूराम बामनिया (देवास) होंगे। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि मध्यप्रदेश के संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र लोधी होंगे।