ठंडी हवाओं के साथ रिमझिम बारिश हुई,लोगों को गर्मी से मिली राहत

May 02 2025

ग्वालियर। पिछले एक सप्ताह से शहर में तेज गर्मी का दौर चल रहा था।  शुक्रवार सुबह हल्की रिमझिम बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। ग्वालियर के साथ ही भिंड और मुरैना में भी सुबह से तेज बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर-चंबल अंचल में अगले पांच दिन आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है। हालांकि मई के दूसरे सप्ताह के बाद गर्मी फिर से तेज हो जाएगी और लू चलने लगेगी। मई के आखिरी तक दिन का तापमान 45 से 48 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है।
मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह के अनुसार, मई के पहले और दूसरे सप्ताह में आंधी और बारिश का दौर चलेगा, जिससे कुछ हद तक राहत मिलेगी। लेकिन इसके बाद लू की स्थिति बन सकती है। अनुमान है कि इस बार भी मई में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है और करीब 10 दिन लू चल सकती है। इस दौरान नौतपा भी तीव्र गर्मी लेकर आएगा।