तेज धूप में छाता लगाकर निकले दूल्हे,172 जोड़े विवाह बंधन में बंधे

Apr 30 2025

ग्वालियर में बुधवार को अक्षय तृतीया के मौके पर कई समाज और संस्थाओं ने सामूहिक विवाह सम्मेलन कराए। ग्वालियर शहर में इन सम्मेलनों में 172 जोड़े विवाह बंधन में बंधे हैं।
बुधवार का दिन ग्वालियर में बेहद तेज धूप व गर्मी भरा रहा है। दोपहर 1 बजे ही पारा 40 डिग्री के लगभग पहुंच गया था। तेज धूप में बारात लेकर पहुंचे दूल्हों ने बचाव के लिए घोड़ी पर फूल वाली छतरी नहीं बल्कि बरसाती छतरी लगा रखी थी, जिससे धूप से बचाव किया जा सके।
पंडाल में कूलरों के इंतजाम तो किए गए थे, लेकिन दूल्हे के इंतजार में बैठी दुल्हनें गर्मी से पसीना-पसीना होती नजर आईं। ग्वालियर में सबसे बड़ा सामूहिक विवाह सम्मेलन नगर निगम द्वारा मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत साइंस कॉलेज में कराया गया है। यहां 120 जोड़े विवाह बंधन में बंधे हैं। 
सामूहिक विवाह से शादी कर रहे ज्यादातर दूल्हे खुश नजर आए और उन्होंने यह मैसेज भी दिया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह बहुत अच्छा विकल्प है। इससे वर-वधु दोनों परिवारों को बहुत राहत मिलती है। इस दौरान गर्मी से बचाव के लिए व्यवस्थाओं पर कहा कि ठीक इंतजाम किए गए हैं। कूलर और भी बढ़ सकते थे। जबकि कुछ दूल्हे ऐसे भी मिले जो आयोजकों द्वारा किए इंतजाम से इतने खफा नजर आए कि उन्होंने सारे इंतजाम ही खराब बता दिए।