भगवान परशुराम की भव्य पालकी यात्रा निकली

Apr 30 2025

ग्वालियर। भगवान परशुराम पालकी समिति के तत्वावधान में अक्षय तृतीया बुधवार को भगवान परशुराम की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। पालकी यात्रा फालका बाजार स्थित श्रीराम मंदिर से प्रारंभ हुई। पालकी यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई अचलेश्वर रोड पर स्थित सनातन धर्म मंदिर पहुंची।
पालकी यात्रा में शामिल भक्त नाचते-गाते हुए चल रहे थे और भगवान परशुराम के जयकारे लगा रहे थे। पालकी यात्रा का सनातन धर्म मंदिर पहुंचने के बाद महाआरती की गई।
पालकी यात्रा प्रारम्भ होने के पूर्व भगवान परशुराम का सात नदियों के जल के साथ केसर और गंगा जल से वैदिक विद्वानों द्वारा अभिषेक कराया गया। वहीं पालकी यात्रा में शामिल महिलाएं परशुराम कलश लेकर चल रही थीं। सभी महिलाएं पीले परिधान धारण किए हुए थीं। भगवान परशुराम की पालकी को भक्त अपने कंधों पर उठाए हुए भक्तिभाव के साथ चल रहे थे। अक्षय तृतीया पर निकाली जाने वाली भगवान परशुराम पालकी यात्रा के स्वागत में ऊंट पुल पर फूलों का गलीचा बनाया गया था। इन फूलों को पालकी यात्रा से पूर्व सडक़ पर बिछा दिया गया।
भगवान चक्रधर पर किया केशर-चन्दन का लेप
श्री सनातन धर्म मंदिर में अक्षय तृतीया उत्सव श्रद्धा भाव से मनाया गया। प्रात: 9 बजे भगवान चक्रधर का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सर्वांग अभिषेक हुआ। इस अवसर पर भगवान चक्रधर एवं गिरिराजधरण को शीतलता प्रदान करने के लिए केशर चन्दन से सर्वांग लेप किया गया। इसके साथ ही मोंगरे के पुष्पों की पगड़ी एवं पोशाक धारण कराई गई। इस अवसर पर भगवान चक्रधर एवं गिरिराजधरण के चरण दर्शन भक्तों को कराए गए। आरती के बाद भक्तों को प्रसादी में सत्तू वितरित किया गया।