कॉम्बिंग गश्त में 278 बदमाशों को पकड़ा, 413 बदमाशों को चेक किया

Apr 28 2025

ग्वालियर। शहर का माहौल ठीक रहे और बदमाशों पर अंकुश लगाने के लिए बीती रात पुलिस ने एक साथ पूरे जिले में कॉम्बिंग गश्त की। कॉम्बिंग गश्त में एसी में गहरी नींद सो रहे 278 की नींद उड़ गई, क्योंकि पुलिस ने उन्हें एसी से निकालकर हवालात में पहुंचा दिया। जहां पर गर्मी के चलते वे पसीना-पसीना होते रहे। कॉम्बिंग गश्त में पुलिस ने 278 बदमाशों को पकडक़र हवालात पहुंचाया और 413 उन बदमाशों को चेक किया, जो पूर्व में वारदातों का ताना-बाना बुनने में शामिल रहते थे। 
पुलिस द्वारा चलाए गए कॉम्बिंग अभियान में जो बदमाश घर के आरामदायक बिस्तर से थाने की हवालात पहुंचे, उनकी पूरी रात बैठे-बैठे कटी, क्योंकि वह घर मे आरामदायक बिस्तर पर एसी की ठण्डी हवा में सपने देख रहे थे। थाने की हवालात में ना तो एसी था और ना ही आरामदायक बिस्तर, जिससे उनकी नींद हवा हो गई थी। 
पुलिस अफसरों का कहना है कि बदमाशों पर नकेल कसने और आम जनता को राहत कटी रात देने के लिए कॉम्बिंग गश्त की जा रही है, यह अभियान लगातार चलेगा। कॉम्बिंग गश्त में पुलिस ने 278 उन बदमाशों को दबोचा है, जिनके खिलाफ स्थायी व गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे। पुलिस इन बदमाशों को पकडक़र हवालात पहुंचा दिया है और सोमवार को इन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।
एसएसपी धर्मवीर सिंह का कहना है कि शहरवासी अमन और बेखौफ रहें इसके लिए पुलिस लगातार बदमाशों के खिलाफ अभियान चलाएगी और एक भी बदमाश को बख्शा नहीं जाएगा। कॉम्बिंग गश्त से पहले ही एसएसपी सिंह ने सभी टीमों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जो बदमाश सूचीबद्ध हैं वह हर हाल में ही जेल पहुंचने चाहिए। बदमाशों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई करें, जिससे वह जेल पहुंच जाए, या फिर शहर से पलायन कर जाए। अपराध के लिए जीरो टॉलरेंस है।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान देर रात पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों में सडक़ों पर आवारागर्दी करने वाले करीब आधा दर्जन के करीब युवकों को पकड़ा है और उन्हें थाने पहुंचा दिया। इसके बाद उनके परिजनों को बुलाकर उनकी सुपुर्दगी में सौपा है, साथ ही चेतावनी दी है कि आगे आवारागर्दी करते मिले तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही पांच मामले शराब तस्करों के खिलाफ दर्ज किए हैं और दो इनामी भी पकड़े हैं।