विकास कार्यों को समय सीमा में करें पूरा: सिलावट

Apr 28 2025

ग्वालियर। जिले के प्रभारी मंत्री एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने सोमवार को ग्वालियर आगमन के बाद यहां चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दोरान सिलावट ने संबंधित एजेंसियों को समय से कार्य पूरा करने एवं गुणवत्ता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। मण्डी में निरीक्षण के समय ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर भी उपस्थित थे। 
सिलावट पौने दस बजे ग्वालियर पहुंचे। यहां से वे सब्जी मण्डी इंटक हजीरा एवं पुरानी सब्जी मण्डी का निरीक्षण करने पहुंचे, इसके बाद वे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पटेल नगर के नवीन भवन का निरीक्षण करने पहुंचे, उन्होंने किलागेट चौराहा सौंदर्याकरण कार्य देखा, इसके साथ ही वे चार शहर का नाका से मल्लगढा होते हुए पानी की निकासी का निरीक्षण करने पहुंचे। सिलावट आईएसबीटी का अवलोकन करने पहुंचे। यहां नवीन बस स्टेण्ड का अवलोकन करते हुए उन्होंने शेष कार्यों को शीघ्रता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। सिलावट ने एलिवेटेड रोड का निरीक्षण भी किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी से कहा कि वे अपने कार्य में गति लाए। 
इस दौरान कलेक्टर रूचिका चौहान, एसएसपी धर्मवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।