संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने सोशल मीडिया पर चलाया अभियान

Apr 27 2025

ग्वालियर। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ मध्यप्रदेश के आह्वान पर अनिश्चतकालीन हड़ताल पर बैठे संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से विभिन्न प्लेटफार्म फेसबुक, एक्स एवं इंस्टाग्राम पर अभियान चलाकर अपनी मांगो को लेकर सरकार से अपील की, कि सरकार जल्द से जल्द उनकी मांगो को पूरा करें।
रविवार को कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा भी धरना स्थल पर पहुंचे और संविदा कर्मियों को अपना समर्थन दिया। सुनील शर्मा ने कहा कि सरकार को संविदा कर्मचारियों की मांगो को जल्द मान लेना चाहिए जिससे स्वास्थ्य सेवाए सुचारु रूप से चल सकें। सरकार को अपनी हठधार्मिता को छोड़ शीघ्र इसका समाधान करना चाहिए। 
 संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष धर्मवीर शुक्ला ने बताया कि सोमवार 28 अप्रेल को भोपाल में होने वाले प्रदर्शन को अनुमति ना मिलने के कारण स्थगित किया गया है, और जल्द ही भोपाल में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।
इधर व्यवस्थाएं पूरी तरह से ध्वस्त, प्रबंधन फेल
संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों को समर्थन मिलने का क्रम जारी है। इससे अब सरकारी अस्पतालों में व्यवस्थाएं पूरी तरह से ध्वस्त होती नजर आ रही हैं। संविदा कर्मचारियों की हड़ताल के बाद आउटसोर्स कर्मचारी काम संभाल रहे थे, पर अब इन्होंने भी काम बंद कर दिया है। 
आज सोमवार से राष्ट्रीय योजनाओं के तहत चल रहे कार्यक्रम, संजीवनी क्लीनिक, आरोग्य मंदिर, जिला अस्पताल, ब्लड बैंक, मुरार प्रसूति गृह, डबरा, भितरवार, घाटीगांव, सिविल अस्पताल हजीरा में मरीजों को संभालना टेढ़ी खीर होगा।
रविवार को धरना स्थल पर राहुल गुप्ता, मेघ सिंह बघेल, सोनेन्द्र सिंह जादौन, धर्मेंद्र राणा, सुशांत पाल, आशीष गुप्ता, धर्मेंद्र राठौर, लाल सिंह, रामसुमन, नीरज यादव, हरेंद्र गुर्जर, प्रियंका शांडिल्य, ऋचा रावत, सुनील शर्मा, पुष्पेंद्र सिंह सिंगर, संजय सिन्हासहित सैकड़ों संविदा कर्मी मौजूद रहे।