54वें केवीएस क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन

Apr 27 2025

ग्वालियर। पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 में 54वीं केवीएस भोपाल क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. इंदु वोरा कुलपति एलएनआईपीई (ग्वालियर) उपस्थित रहीं। उनके साथ विद्यालय के प्राचार्य  राजेश पांडे और उप-प्राचार्य पवन जैन भी मौजूद थे।
इस क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में भोपाल क्षेत्र के लगभग 450 छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के साथ सहभागिता की। प्रतियोगिता का आयोजन एलएनआईपीई कैंपस, जीवाजी विश्वविद्यालय कैंपस एवं पीएमश्री केवी 1 ग्वालियर के मैदानों में किया गया।
समारोह की शुरुआत विद्यालय के प्राचाय राजेश पांडे द्वारा स्वागत भाषण से हुई। मुख्य अतिथि डॉ. इंदु वोरा ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों को टीम भावना को अपनाने और किसी भी खेल को नियमित रूप से खेलने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, सहयोग और आत्म-विश्वास भी सिखाते हैं।
इस दौरान सभी विजेता प्रतिभागियों को पदक एवं प्रमाणपत्र वितरित किए गए, जो डॉ. इंदु वोरा और राजेश पांडे द्वारा प्रदान किए गए। शिक्षक-प्रशिक्षकों ने भी आयोजन को सफल बनाने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की और अपने सकारात्मक अनुभव साझा किए। उप-प्राचार्य पवन जैन द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।