संविधान बचाओ रैली भाजपा की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ:मुकेश नायक

Apr 26 2025

ग्वालियर। ग्वालियर में आगामी 28 अप्रैल को संविधान बचाओ रैली का आयोजन फूलबाग मैदान पर किया जाएगा। इस रैली में प्रदेश और देश के कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
उक्त जानकारी शनिवार को पत्रकारों को देते हुये प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग प्रमुख मुकेश नायक ने बताया कि रैली जय बापू, जय भीम, जय संविधान के उदघोष के साथ होगी। उन्होंने बताया कि जब से भाजपा की सरकार आई है तब से न्यायपालिका, चुनाव आयोग, मीडिया की स्वतंत्रता पर हमले, संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जे, तथा गरीबों, दलितों, वंचितों और शोषितों के अधिकारों का हनन चरम पर है। मुकेश नायक ने बताया कि यह रैली भाजपा की तानाशाही और जन विरोधी नीतियों के खिलाफ एक शक्तिशाली जबाब होगी। उन्होंने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 28 अप्रैल की रैली में शामिल होकर डा अंबेडकर द्वारा रचित संविधान की रक्षा का संकल्प लेने और लोकतंत्र को नई ताकत देने का आवहान किया है।
पूर्व मंत्री मुकेश नायक ने बताया कि इस रैली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व मंत्री दिग्विजय सिंह सहित प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं सहित ग्वालियर-चंबल संभाग से बडी संख्या में कार्यकर्ता पदाधिकारियों के आने की संभावना है। उन्होंने बताया कि इसके बाद जिला स्तर पर 3 से 10 मई तक संविधान बचाओ रैलियां आयोजित की जाएंगी। यह रैलियां डीसीसी और पीसीसी के समन्वय से आयोजित होंगी। इसके बाद विधानसभा स्तरीय रैलियां 11 से 17 मई तक होंगी। साथ ही 20 मई से 30 मई तक घर घर पहुंच कर जनजागरण अभियान पेम्पलेट बांट कर चलाया जाएगा। जिसमें मंहगाई, बेरोजगारी, संवैधानिक अधिकारों का हनन जैसे मुददों पर जनता के बीच चर्चा की जाएगी। सोशल मीडिया के माध्यम से भी जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष डा देवेन्द्र शर्मा, महाराज सिंह पटेल, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, ग्वालियर की प्रभारी हिना कांवरे, प्रियंका शर्मा, राम पांडे, वेदप्रकाश भार्गव, मीडिया प्रभारी धर्मेन्द्र शर्मा आदि मौजूद थे।