ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले को भारत की आत्मा पर आक्रमण बताया

Apr 26 2025

ग्वालियर। शनिवार को राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में केन्द्रीय रोजगार मेले में शामिल होने एक दिवसीय प्रवास पर ग्वालियर पहुंचे केन्द्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले को भारत की आत्मा पर आक्रमण बताया है। उन्होंने कहा कि इस हमले का ऐसा जबाव देंगे कि फिर कोई वापस ऐसा करने का सोचेगा भी नहीं। जिस जमीन पर आतंकी कार्यशैली पैदा होती है, उस जमीन को ही हम मिटाकर रख देंगे।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के साथ मिलकर अब हर नागरिक एक ही आवाज में इन आतंकियों को ऐसा जवाब देगा, जिससे फिर किसी आतंकी की हिम्मत नहीं होगी। सिंधिया ने कहा कि भारतीय पर्यटकों की निर्मम हत्याओं का, मासूम लोगों के कत्ल का भारत जवाब देगा।
सिंधिया ने कहा कि पहलगाम में आतंकी घटना को अंजाम देने वाले आतंकियों को खोज खोजकर निकालेंगे। अब आप देखते जाओ, भारत सरकार और जनता एक मत के साथ ऐसे तत्वों के विरुद्ध हर संभव एक्शन लेगी।
रोजगार मेले पर बोले-51 हजार युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि कि आज का दिन बहुत बड़ा है। एक तरफ आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और दूसरी तरफ भारत के युवाओं को शक्ति प्रदान करने के लिए रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में करीब 51 हजार नौजवानों को रोजगार का नया अवसर दिया जाएगा। जब से रोजगार मेले की शुरुआत हुई है, तब से दस लाख युवाओं को केंद्र सरकार रोजगार दे चुकी है।
मंत्री सिंधिया ने क्वांटम कंप्यूटिंग पर कहा कि यह सिर्फ एक और कदम नहीं है, यह एक लंबी छलांग है, जो नवाचार को परिभाषित करेगी। भविष्य सिर्फ डिजिटल नहीं है, अब भविष्य क्वांटम है। क्वांटम कंप्यूटिंग का प्रभाव न केवल वैज्ञानिक खोज को बल्कि हमारे जीवन को भी प्रभावित कर रहा है। हम इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी को जानते हैं। पहले दशकों में परिवर्तन होते थे, फिर साल, महीने, दिन और अब घंटों में हो रहे हैं।