संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा हड़ताल के दूसरे दिन बड़ी स्क्रीन पर पूर्व मुख्यमंत्री की घोषणाएं दिखाई गई

Apr 23 2025

ग्वालियर। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन बुधवार को भी जारी है, इससे राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यकमों पर असर नजर आने लगा है। व्यवस्थाएं बनाने के लिए सीएमएचओ डॉ. सचिन श्रीवास्तव ने वैकल्पिक व्यवस्थाएं बनाने के निर्देश जारी किए हैं। दूसरी तरफ नेशनल हेल्थ मिशन के एमडी से संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों के साथ हुई वार्ता विफल हो गई है। 
पदाधिकारियों ने इस आश्वासन को मानने से साफ इंकार कर दिया कि उनकी मांगों पर विचार किया जा रहा है। प्रदेश पदाधिकारियों ने कहा है कि जब तक लिखित में नहीं दिया जाएगा उनकी हड़ताल समाप्त नहीं होगी।
फूलबाग पर धरना दे रहे संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष धर्मवीर शुक्ला ने बताया कि भोपाल में वार्ता विफल हो चुकी है, इसलिए हड़ताल जारी है। साथ ही बुधवार को बड़ी स्क्रीन पर तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए की गईं घोषणाओं को दिखाकर जनता को सुनाया गया। इसके अलावा संविदा नीति जो वर्ष 2023 में बनाई गई थी, उसका भी प्रदर्शन किया गया।
फूलबाग पर चल रहे धरने में जिलाध्यक्ष धर्मवीर शुक्ला, एमएस खान, धर्मेन्द्र राणा, अर्पिता माहेश्वरी, सतीश कन्नोजी, विकास भूरिया, संजय सिन्हा, सोनू मरैया सहित अन्य शामिल हैं।