कलेक्टर रूचिका ने बाल विवाह रोकने उडऩदस्तों का किया गठन

Apr 21 2025

ग्वालियर। अक्षय तृतीया के अलावा अन्य मुहूर्त पर आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह और एकल विवाह समारोह में बाल विवाह रोकने व जागरूक करने के लिए उडऩदस्ते गठित किए गए हैं। इन दस्तों का विकासखंड स्तर से लेकर ग्राम स्तर तक गठन किया गया है। कलेक्टर रूचिका ने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। यह सभी दल परस्पर समन्वय स्थापित कर संबंधित शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित होने वाले एकल विवाह व सामूहिक विवाह सम्मेलनों में निगरानी करेंगे। यदि बाल विवाह का कोई भी प्रकरण पाया जाता है तो तत्काल कार्रवाई कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे। जिसकी एक प्रति जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास को देना होगी। 
अनुविभागीय अधिकारी, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी, पुलिस, तहसीलदार, समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं महिला बाल विकास विभाग के सेक्टर पर्यवेक्षक शामिल किए है। ग्राम स्तर पर बाल विवाह रोकने गठित उडऩदस्ता में शा. हायर सेकंडरी व हाई स्कूल के प्राचार्य, माध्यमिक व प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक, सरपंच, पंच व सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, स्वसहायता समूह व शौर्या दल के सदस्य एवं पुलिस बीट प्रभारी शामिल किए गए हैं।