कॉम्बिंग गश्त के दौरान चार घंटे में पकड़े 257 बदमाश

Apr 21 2025

ग्वालियर। 24 अप्रैल को शहर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आगमन है। उससे पहले ही पुलिस एक्शन मोड़ में आ गई है। पुलिस ने गत रात कॉम्बिंग गश्त की। इस दौरान सिर्फ चार घंटे में पुलिस ने 257 बदमाशों (स्थायी व गिरफ्तारी वारंटी) को पकडक़र हवालात में पहुंचाया। इसके अलावा ऐसे पुराने गुंडे जो फिलहाल आपराधिक दुनिया से दूरी बनाए हैं, उनको घर पहुंचकर चेक किया।
पुलिस ने गत आधी रात बदमाशों के घरों पर दबिश देकर उनको सोते से उठाकर हवालात पहुंचाया है। साथ ही सडक़ों पर हंगामा करते बिना वजह घूमते छह लोगों को धारा 151 के तहत शांति भंग करने के आरोप में पकड़ा। कॉम्बिंग गश्त के दौरान चेकिंग में दो बदमाश कट्टे और चार बदमाश अवैध शराब के साथ पकड़े गए हैं।
ग्वालियर में 24 अप्रैल को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आगमन होना है। सीएम करीब तीन घंटे से ज्यादा समय तक ग्वालियर में रहेंगे। साथ में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र तोमर सहित एक दर्जन मंत्रीगण भी शहर में रहेंगे। इसी वीवीआईपी विजिट को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए गत रात कॉम्बिंग गश्त की। 
शहर और देहात के थानों में रात 12 बजे से एक साथ पुलिस अफसर और जवानों ने कॉम्बिंग गश्त शुरू कर बदमाशों और हिस्ट्रीशीटरों की धरपकड़ की। रात से सुबह तक पुलिस ने 257 स्थायी या गिरफ्तारी वारंटी बदमाश पकड़े। कई बदमाशों के परिजन ने गिरफ्तारी का विरोध भी जताया, लेकिन पुलिस फोर्स और उनके तेवर देखकर सब नरम पड़ गए।
गश्त के दौरान बदमाशों की धरपकड़ के साथ पुराने बदमाश या ऐसे बदमाश जिनकी फिलहाल किसी मामले में पुलिस को तलाश नहीं है, लेकिन उनकी लंबी आपराधिक हिस्ट्री है को उनके घर पहुंचकर चेक किया। उनके काम-धंधे के बारे में और घर का खर्च कैसे चला रहे हैं इस बारे में पूछताछ की। जो घर पर नहीं मिले हैं, उनको लौटते ही तत्काल थाना में उपस्थिति दर्ज कराने के लिए कहा है।
आवारागर्दी करने वाले पहुंचाएं थाने
गश्त के दौरान देर रात पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों में सडक़ों पर आवारागर्दी करने वाले 6 लोगों को पकड़ा है और उन्हें शांति भंग करने के केस में थाने पहुंचा दिया। इसके अलावा चार लोग चेकिंग में अवैध शराब के साथ पकड़े गए हैं। दो बदमाश चेकिंग में कट्?टे के साथ भी मिले हैं। इन पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा सटोरिए भी पुलिस की गिरफ्त में आए हैं।
एसएसपी धर्मवीर सिंह का कहना है कि जिले में लगातार कॉम्बिंग गश्त कर बदमाशों की धरपकड़ की जा रही है। इसी क्रम में गत रात भी अभियान चलाया गया है। शहर के लोग सुरक्षित माहौल में रहें इसके लिए पुलिस लगातार गुंडे-बदमाशों के खिलाफ अभियान चलाती रहती है।