आधी रात आईजी, एसएसपी, एएसपी ने थानों का किया निरक्षण

Apr 20 2025

ग्वालियर। गत आधी रात को अचानक आईजी, एसएसपी, एएसपी ने थानों का औचक निरीक्षण किया। आईजी अरविंद सक्सेना इंदरगंज और कोतवाली थाना पहुंचे तो एसएसपी धर्मवीर सिंह देहात में गिजोर्रा थाना पहुंच गए। आधी रात आराम की मुद्रा में आए पुलिसकर्मी अफसरों को देखकर तत्काल अलर्ट मोड में आ गए। इंदरगंज थाना पहुंचे आईजी सक्सेना को वहां कचरा मिला। थाना के स्टाफ रूम से लेकर शस्त्र घर तक अव्यवस्थित मिले। 
आईजी के मुंह से अनायास ही निकल गया नोट गुड। इसके बाद थाना प्रभारी को रिकॉर्ड से लेकर सफाई तक की चेतावनी दी गई। इंदरगंज के बाद आईजी सक्सेना कोतवाली थाना पहुंचे तो थाना परिसर में छोटा-सा बगीचा देखकर खुश हुए। अंदर रिकॉर्ड रूम से लेकर ड्यूटी रूम व्यवस्थित मिले। जिस पर थाना प्रभारी मोहिनी मिश्रा और उनकी टीम को 10 हजार का नगद इनाम दिया।
निरीक्षण का उद्देश्य थानों की कमियां दुरस्त करना था। निरीक्षण के दौरान अफसरों ने थानों का रिकार्ड देखा, तो हवालात में झांक कर भी देखा कि किसी को अवैध रूप से बैठाया तो नहीं है। पूर्व में किए निरीक्षण के बाद अधिकतर थानों का रिकॉर्ड सहित साफ-सफाई पर ध्यान दिया जा रहा है, लेकिन कुछ थानों में अभी भी सुधार की बहुत गुंजाइश है।
गिजोर्रा थाना पहुंचे एसएसपी, रात को गश्त करते मिले पुलिसकर्मी
देर रात गिजोर्रा थाने में एसएसपी धर्मवीर सिंह पहुंचे। यहां पर अचानक जब एसएसपी को पुलिस कर्मियों ने देखा तो सकपका गए। जब पता चला कि वह निरीक्षण करने आए हैं तो पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली। इसके बाद एसएसपी ने थाने का निरीक्षण किया तो साफ-सफाई सहित रिकॉर्ड अपडेट मिला। सबसे अच्छी बात यह रही कि आधी रात को भी एसएसपी के आने का पता चलते ही जो लोग ड्यूटी खत्म कर गए थे वह भी तत्काल थाने पहुंच गए।
यहां पर थाने की पुरानी बिल्डिंग होने पर उन्होंने थाना प्रभारी को नई बिल्डिंग के लिए प्रपोजल बनाकर भिजवाने को कहा। जिससे यहां पर नई बिल्डिंग का निर्माण कराया जा सके। साथ ही थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि उनके थाना क्षेत्र से दतिया का रास्ता जाता है तो यहां से माइनिंग के वाहन निकलते हैं, इसलिए उनके क्षेत्र में गुण्डे नहीं पनपने चाहिए।
किस पुलिस अधिकारी ने कहां किया निरीक्षण
आईजी और एसएसपी के साथ ही एएसपी देहात निरंजन शर्मा ने आंतरी थाना, एएसपी पूर्व कृष्ण लालचंदानी ने यूनिवर्सिटी थाना, एएसपी सुमन गुर्जर ने ग्वालियर थाना, सीएसपी महाराजपुरा नागेन्द्र सिकरवार ने पुरानी छावनी थाना, सीएसपी यूनिवर्सिटी ने झांसी रोड थाना, सीएसपी कोतवाली मनीष यादव ने माधौगंज थाना, सीएसपी ग्वालियर किरण अहिरवार ने बहोड़ापुर थाना, सीएसपी इंदरगंज रॉबिन जैन ने कंपू थाना, डीएसपी ग्रामीण ने बिलौआ थाना, सीएसपी मुरार ने गोला का मंदिर थाना, एसडीओपी भितरवार जितेंद्र ने चीनौर थाना और एसडीओपी घाटीगांव शेखर दुबे ने मोहना थाना का निरीक्षण किया।