ग्वालियर स्टेशन पर महिला के बैग से गहने चोरी,दो संदिग्ध महिलाएं मौके से फरार

Apr 19 2025

ग्वालियर। रेलवे स्टेशन पर एक महिला के बैग से दो संदेही महिलाएं गहनों का बॉक्स चोरी कर ले गईं। वारदात तब की है जब महिला अपने पति और बच्चों के साथ शिवपुरी में शादी समारोह में शामिल होकर दतिया जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रही थी।
बैग की चेन खुली दिखी, तब जाकर चोरी का पता चला। बैग से करीब 3 लाख रुपए के गहनों की चोरी हुई है, जिसे लेकर मौके पर हंगामा हो गया। सूचना मिलते ही जीआरपी थाना पुलिस स्टेशन पहुंची। फरियादी दंपती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, स्टेशन पर निर्माण कार्य के चलते सीसीटीवी कैमरे बंद हैं, जिससे फुटेज नहीं मिल पाए हैं। पुलिस अब संदेही महिलाओं की तलाश कर रही है।
दतिया निवासी बृजमोहन शर्मा और उनकी पत्नी ममता शर्मा बेटे-बेटी के साथ शिवपुरी में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए गए थे। वे शिवपुरी से दतिया लौटने निकले। ग्वालियर पहुंचकर दोनों प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर दतिया जाने वाली ट्रेन का इंतजार करने लगे। इसी दौरान दो अन्य महिलाएं ममता शर्मा के पास आकर बैठ गईं। कुछ देर बाद दोनों महिलाएं वहां से चली गईं।
जब ममता शर्मा मेमू ट्रेन में चढ़ीं, तो उन्होंने देखा कि बैग की चेन खुली है। अंदर देखा तो गहनों का बॉक्स चोरी हो चुका था। इसके बाद दंपती ग्वालियर स्टेशन पर वापस आए और जीआरपी थाने पहुंचकर मामले की सूचना दी।
बृजमोहन शर्मा ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर काफी भीड़ थी। इसी बीच दो महिलाओं ने उनकी पत्नी के बैग की चेन खोलकर उसमें रखे सोने के गहनों का डिब्बा चोरी कर लिया। चोरी हुए गहनों में एक सोने का हार और चार सोने की चूडिय़ां थीं। उनकी कीमत लगभग 3 लाख रुपए आंकी गई है।
ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर फिलहाल निर्माण कार्य चल रहा है। इस कारण स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे या तो हटा दिए गए हैं या फिर बंद पड़े हैं। इसी वजह से घटना से जुड़ा कोई भी सीसीटीवी फुटेज पुलिस को नहीं मिल पाया है। इससे चोरों की पहचान करने में मुश्किल आ रही है।
जीआरपी के एएसआई एमसी मचार ने बताया कि दंपती शादी समारोह से लौटकर दतिया जाने के लिए ग्वालियर स्टेशन पहुंचे थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर उनके बैग से गहने चोरी हो गए। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस संदेही महिलाओं की तलाश में जुटी हुई है।