हाइवे पर पुलिसकर्मी द्वारा ट्रक चालक से 500 रु एंट्री लेते हुए वीडियो वायरल, एसएसपी ने 4 थानों की क्लास ली

Apr 18 2025

ग्वालियर। पुलिस द्वारा वसूली का एक और मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर गत देर रात का एक वीडियो अपलोड किया गया, जिसमें डायल 100 पर तैनात पुलिसकर्मी ट्रक चालक से 500 रुपए वसूलते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी धर्मवीर सिंह ने नाराजगी जताते हुए सीमावर्ती थानों के प्रभारियों की बैठक लेकर सख्त चेतावनी दी है।
58 सेकेंड का यह वीडियो कैंसर पहाड़ी क्षेत्र का बताया जा रहा है, जो शहर का प्रमुख एंट्री पॉइंट है। वीडियो गत रात 12 बजे शूट किया गया और शुक्रवार सामने आया। इसमें ट्रक को रोककर खड़ा पुलिसकर्मी हाथ में नोट लिए नजर आ रहा है और चालक से बहस करता दिखता है। ट्रक के पीछे सवार युवक ने यह वीडियो चुपचाप शूट किया और वॉयस ओवर के जरिए पूरी घटना को बयान भी किया।
वीडियो में दिख रहा है कि पुलिसकर्मी चालक से कम रुपए मिलने पर नाराज होता है और उंगली दिखाकर धमकाता है। जब चालक उसे 500 रुपए दे देता है, तभी उसे जाने दिया जाता है। यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में रिकॉर्ड हो गया।
सोशल मीडिया पर वायरल जानकारी के मुताबिक, वीडियो में नजर आ रहे पुलिसकर्मी डायल 100 (एफआरबी-11) पर तैनात रामअवतार रावत और सत्यभान गुर्जर बताए जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
वीडियो के सामने आने के बाद एसएसपी धर्मवीर सिंह ने तुरंत पुरानी छावनी, जनकगंज, बहोड़ापुर और गिरवाई थाना प्रभारियों को तलब कर सख्त फटकार लगाई। यह सभी थाने शहर के एंट्री पॉइंट्स के अंतर्गत आते हैं, जहां से अक्सर वसूली की शिकायतें मिलती रही हैं। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि इस तरह की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने पूरे मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की है।