पोषण पखवाड़ा अंतर्गत कृषक महिलाओं का प्रशिक्षण

Apr 18 2025

ग्वालियर। राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत ग्राम जौरासी, विकासखण्ड डबरा, ग्वालियर में प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में 44 कृषक महिलायें तथा किशोरी बालिकायें उपस्थित रहीं। यह प्रशिक्षण केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. शैलेन्द्र सिंह कुशवाह के मार्गदर्शन में वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. रीता मिश्रा द्वारा आयोजित किया गया जिसमें केन्द्र के वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी डॉ. एससी श्रीवास्तव उपस्थित रहे। 
डॉ. रीता मिश्रा द्वारा इस प्रशिक्षण में पोषण वाटिका द्वारा खाद्य एवं पोषण सुरक्षा के साथ-साथ खाद्य विविधता लाने हेतु महिलाओं को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने पर जोर दिया गया। फलों, सजियों तथा अनाजों के प्रसंस्करण एवं मूल्यसंवर्धन द्वारा पोषण सुरक्षा प्राप्त करने के लिए भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षणार्थियों को पोषण सुरक्षा हेतु जागरूक करने के लिए डॉ. मिश्रा के मार्गदर्शन में पोषण रंगोली बनवाई गई तथा सभी उपलध खाद्य सामग्रियों को विभिन्न पौष्टिक तत्वों के अनुसार दर्शाया गया। डॉ. श्रीवास्तव ने प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित महिलाओं को पोषण वाटिका में प्राकृतिक खेती से संबंधित उत्पादों जैसे जीवामृत, नीमास्त्र, अग्निास्त्र के निर्माण एवं उपयोग से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। 
कार्यक्रम में योगेश कुशवाह, श्रीमती शांति यादव तथा श्रीमती सुमन विश्वकर्मा उपस्थित रही।