क्राइम ब्रांच बनकर लूट करने वाले 145 सीसीटीवी खंगालने पर दोनों बदमाश पकड़े

Apr 17 2025

ग्वालियर। क्राइम ब्रांच जवान बनकर दो युवकों से लूट करने वाले दो बदमाशों को सिरोल थाना पुलिस ने पकड़ लिया है। बदमाशों को पकडऩे के लिए पुलिस ने करीब डेढ़ सैकड़ा सीसीटीवी खंगाले तब बदमाश हाथ आए हैं। पकड़े गए बदमाशों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ करना शुरू कर दी है। पड़ताल में पता चला है कि यह बेहद शातिर बदमाश हैं और इसी तरह सॉफ्ट टॉरगेट तलाशते थे, जिससे कोई उनकी शिकायत नहीं करे। पुलिस अब इनसे पूर्व में की गई लूट की वारदातों का पता लगाने के लिए जुट गई है।
सिरोल थाना प्रभारी आलोक सिंह भदौरिया ने बताया कि दो दिन पहले देव रजक व उसक दोस्त रोहत से दो बदमाशों ने क्राइम ब्रांच बनकर नौ हजार रुपए व मोबाइल लूट ले गए थे। वारदात का पता चलते ही पुलिस ने लुटेरों की तलाश की तो पता चला कि दोनों लुटेरे कपड़े से चेहरा छिपाए हुए थे। जिसके बाद लुटेरों की तलाश के लिए पुलिस टीम को लगाया। 
पुलिस टीम ने सबसे पहले जहां से घटना शुरू हुई वहां से सीसीटीवी खंगालना शुरू किया, फिर उनके भागने के रास्ते पर लगे, लेकिन इस रास्ते पर पुलिस को सुराग नहीं मिला तो पुलिस ने एक बार फिर से आने के रास्ते में सर्चिग की तो बदमाशों के फुटेज मिले। फुटेज के आधार पर जब पुलिस ने 145 सीसीटीवी खंगाले तो पता चला कि बदमाश माधौगंज इलाके के हैं। इसके बाद पुलिस उनके घर पहुंची और बदमाशों को पकड़ लिया।
पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ की तो पता चला कि पकड़ा गया जिनेन्द्र पुत्र मनीष जैन निवासी हेमसिंह की परेड मामा का बाजार और उसका साथी गौरव बाथम उर्फ गोडिय़ा पुत्र राजू बाथम निवासी लाला का बाजार, माधौगंज ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने पूछताछ के बाद पकड़े गए बदमाशों से लूटे गए गए रुपए व मोबाइल बरामद कर लिया हैं। 
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह नकली आईडी रखते थे और इनके निशाने पर नशा करने वालों के साथ ही युवक व युवतियां रहती थीं, जिन्हें यह क्राइम ब्रांच के नाम पर धमका कर रुपए वसूल ले जाते थे और क्राइम ब्रांच के डर से वह इसकी जानकारी पुलिस को भी नहीं देते थे। साथ ही पता चला है कि जिनके वह मोबाइल छीनते थे, उनसे वह आधार की हार्ड कॉपी लेकर उस पर उनके साइन करा लेते थे, जिसकी मदद से वह मोबाइल बेच देते थे।