भाजपा ने सोनिया और राहुल गांधी के पुतले फूंक कर किया प्रदर्शन

Apr 17 2025

ग्वालियर। कांग्रेस द्वारा केन्द्र की भाजपा सरकार पर सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग करने के आरोप लगाते हुए कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन के जवाब में गुरुवार को भाजपा भी सडतें पर आ गई। भाजपा की युवा इकाई युवा मोर्चा ने गुरुवार को कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला दहन किया।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया ने कहा कि भाजपा के राज में जब केन्द्रीय एजेंसिया स्वतंत्र होकर कार्य कर रही हैं और भ्रष्टाचारी और आतंकवादियों पर नकेल कस रही हैं तो कांग्रेस को तकलीफ हो रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग तो कांग्रेस के शासनकाल में होता था जब ये एजेंसिया अपना काम छोड़ विपक्षी नेताओं को परेशान करती थीं।
शहर जिला कांग्रेस ने गत दिवस केन्द्र सरकार पर केन्द्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन देते हुए कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया था। कांग्रेस नेताओं ने केन्द्र सरकार की इस प्रवृत्ति को देश के लिए खतरनाक बताते हुए कहा था कि भाजपा लोकतंत्र की आत्मा को घायल कर रही है। कांग्रेस के इस आंदोलन का जवाब देते हुए भाजपा की युवा इकाई भाजयुमो द्वारा फूलबाग चौराहे पर दोपहर सोनिया गांधी और राहुल गांधी का पुतला दहन कर कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी भी की।
भाजपा के जिलाध्यक्ष ने इस अवसर पर कहा कि केन्द्र में भाजपा सरकार के आने के बाद केन्द्रीय एजेंसियों को मिली स्वतंत्रता का ही नतीजा है कि देश में भ्रष्टाचारियों पर नकेल कसी गई है। इन एजेंसियों की कार्रवाई से अगर कोई भयभीत है तो केवल भ्रष्टाचारी ही भागते फिर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की बात करने वाली कांग्रेस ने संविधान को ताक पर रखते हुए देश में आपातकाल लगाया था और लोगों के मूलभूत अधिकारों को छीन लिया था। 
प्रदर्शन मे भाजपा के जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, प्रतीक तिवारी, राजू पलैया, कनवर किशोर मंगलानी सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।