तीन मंजिला बिल्डिंग में लगी आग, 5 सिलेंडर फटे, दो दमकलकर्मी घायल
Apr 10 2025
ग्वालियर। खासगी बाजार में एक इमारत में आग लग गई। इसकी चपेट में आकर एक के बाद एक 5 एलपीजी सिलेंडर फटे। आग बुझाने की कोशिश कर रहे दो फायर ब्रिगेड कर्मी घायल हो गए। उन्हें जय आरोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा तीन मंजिला कलां गोपाल बिल्डिंग में गत देर रात करीब 3 बजे हुआ। आग बेसमेंट में चल रहे धागा बनाने के कारखाने से शुरू हुई। धागा बनाने के सामान से आग तेजी से फैली और दूसरे-तीसरे फ्लोर के पांच फ्लैट्स को चपेट में ले लिया। पता चलते ही लोग बिल्डिंग से बाहर की तरफ भागे। पुलिस और दमकल को सूचना दी।
आग बुझाने के लिए एयरफोर्स की फायर ब्रिगेड भी बुलानी पड़ी। गुरूवार सुबह करीब 8 बजे लपटों पर काबू पाया जा सका। हादसे का कारण शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी हो सकती है।
जिस वक्त आग लगी, बिल्डिंग में रहने वाले लोग गहरी नींद में थे। फ्लैट्स में धुआं भरने से उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई तो नींद खुली। आग की लपटें देखकर वे नीचे की तरफ भागे।
कुछ ही देर में पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई। तब तक आग तीसरी मंजिल पर बने फ्लैट्स तक पहुंच चुकी थी। दमकलकर्मी पानी की बौछार करते हुए कारखाने में घुसे। इसी दौरान गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। इसमें फायर ब्रिगेड टीम के लोकेंद्र और पुरुषोत्तम सिंह झुलस गए। घायलों को जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फायर ब्रिगेड अधिकारी सतपाल सिंह चौहान ने कहा जब दमकलकर्मी आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे थे, इसी दौरान ब्लास्ट हो गया। इसके बाद एक घंटे में पांच सिलेंडर फटने से आग तेजी से फैली। इसमें दो कर्मचारी घायल हो गए। सुबह करीब 8 बजे बिल्डिंग में लगी आग पर काबू पाया जा सका।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कलां गोपाल रिहायशी बिल्डिंग है। इसमें अवैध तरीके से धागा बनाने की फैक्ट्री चल रही थी। इसमें रखे सामान की वजह से आग फैली। यदि बिल्डिंग में रहने वाले लोग समय रहते बाहर नहीं आते तो गंभीर हादसा हो सकता था।
धागा फैक्ट्री के संचालक निर्मल कुमार सुखवानी ने कहा कि आग से हुए नुकसान का अभी आंकलन नहीं किया है लेकिन उनकी फैक्ट्री में अब कुछ नहीं बचा है। वहीं जो पांच फ्लैट पूरी तरह से जल गए हैं, उनमें भी कोई सामान नहीं बचा है। आग ने इन घरों का पूरा सामान जलाकर राख कर दिया। इन लोगों का अनुमान है कि एक करोड़ से अधिक का सामान इस अग्निकाण्ड में जलकर राख हो गया है।
संकरी गलियों के कारण आग बुझाने में आई मुश्किल
आग की सूचना पर यहां पहुंची फायर ब्रिगेड को जहां आग लगी थी वहां गलियां होने से बड़ी परेशानी हुई। इस कारण आग से सौ मीटर दूरी पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी हास पाइप मल्टी तक ले जाने में भी थोड़ा विलंब हुआ। इसके बाद फायर ब्रिगेड ने आग बुझाना शुरु किया लेकिन आग बढ़ती जा रही थी तब दूसरी तरफ से भी फायर ब्रिगेड को आग बुझाने के लिए लगाया गया। दोनों तरफ से जब आग बुझाने का काम शुरु हुआ जाकर आग काबू में आना शुरु हुई। फायर ब्रिगेड को यहां आग बुझाने में कुल पांच घंटे लगे।
आग की सूचना मिलने पर सीएसपी झांसी रोड हिना खान, सीएसपी लश्कर मनीष यादव, थाटीपुर के थाना प्रभारी कमल पाराशर, कंपू थाना प्रभारी रुद्र पाठक, एएसआई अंकित भार्गव, सहित रात्रि गश्त वाली पार्टियां भी घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई थी और ये सभी लोग यहां आग बुझाने में मदद करते रहे।
वहीं निगमायुक्त संघ प्रिय को भी रात को दो बजे ही निगम अधिकारियों ने आग लगने की सूचना दे दी थी। इसके बाद वे सतत इस आग को लेकर अपडेट लेते रहे और अफसरों को जरूरी निर्देश देते रहे।
संपादक
Rajesh Jaiswal
9425401405
rajeshgwl9@gmail.com
MP Info News
Invalid RSS feed URL.
ब्रेकिंग न्यूज़
विज़िटर संख्या
अन्य ख़बरें
-
-
-
*हेमू कालानी जन्मोत्सव मिष्ठान वितरण कर बनाया* *
—03/23/2019 -









